तमिलनाडु : 28 जुलाई तक पश्चिमी घाट के जिलों में मध्यम बारिश के आसार, आईएमडी ने जारी किया पूर्वानुमान
चेन्नई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के तटीय इलाकों के निचले वायुमंडलीय स्तर पर बने कमजोर निम्न दबाव परिसंचरण (लो-प्रेशर सर्कुलेशन) का असर अब पूरे राज्य के मौसम पर दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।
आईएमडी के ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव तटीय क्षेत्रों में बने कमजोर मौसम तंत्र के प्रभाव से होगा।
पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी घाट से लगे जिलों में 28 जुलाई तक मध्यम बारिश और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में इसी अवधि के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की सबसे अधिक गतिविधियां पश्चिमी घाट के पहाड़ी इलाकों में देखने को मिलेंगी। यहां नमी से भरी हवाओं के कारण अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। दूसरी ओर, राज्य के बाकी हिस्सों में भी छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश लोगों को राहत दे सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता पहाड़ी क्षेत्रों की तुलना में कम रहने की संभावना है।
चेन्नई की बात करें तो शहर में पूरे दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। शाम या रात के समय शहर के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ समय के लिए तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
हालांकि बारिश की संभावना के बावजूद राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी से राहत पूरी तरह नहीं मिलेगी। आईएमडी के अनुसार, तमिलनाडु के आंतरिक जिलों में 26 जुलाई तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है।
मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों, विशेषकर दिन के समय बाहर काम करने वालों, को गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं तमिलनाडु के बाकी हिस्सों और पुडुचेरी में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह मौसम परिवर्तन कमजोर निम्न दबाव परिसंचरण और मौसमी वायुमंडलीय परिस्थितियों के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है। यही कारण है कि अगले कई दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
आईएमडी ने खासतौर पर पश्चिमी घाट के जिलों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की आधिकारिक सलाह और अपडेट पर नजर बनाए रखें।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम