हैदराबाद के होटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बॉयफ्रेंड फरार
हैदराबाद, 22 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद के एक होटल में मंगलवार को 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि माधापुर स्थित होटल के कमरे में महिला के साथ उसका बॉयफ्रेंड भी ठहरा हुआ था। वह डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल से फरार हो गया।
पुलिस को शक है कि उसकी मौत के पीछे बॉयफ्रेंड का हाथ है। होटल के कमरे में खून के धब्बे मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक महिला की पहचान विशाखापत्तनम की रहने वाली शेरोन निखिता टोपनो के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह अपने बॉयफ्रेंड श्रीनिवास रवि तेजा के साथ हैदराबाद आई थी। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वे मधापुर के सिद्दीक नगर में रोड नंबर 5 पर स्थित एक होटल में रुके थे।
मंगलवार सुबह-सुबह मधापुर पुलिस को एक प्राइवेट हॉस्पिटल से महिला की मौत की खबर मिली। उसका बॉयफ्रेंड और होटल के कर्मचारी उसे इमरजेंसी मेडिकल इलाज के लिए हॉस्पिटल लाए थे। डॉक्टरों ने उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और शव की जांच की। उन्हें उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें और सूजन मिली। डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद, रवि तेजा बिना किसी को बताए हॉस्पिटल से चला गया, जिससे उसकी भूमिका पर शक पैदा हो गया।
पुलिस ने होटल के कमरे की जांच की और दीवारों व बेडशीट पर खून के धब्बे पाए। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल हॉस्पिटल भेजा गया। मधापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रहे हैं।
जांच करने वाले अधिकारी होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रहे थे ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला को हॉस्पिटल ले जाने से पहले क्या हुआ था। जांच अधिकारियों ने मृतक महिला के परिवार को सूचित करने और उसके बॉयफ्रेंड का पता लगाने के लिए विशाखापत्तनम पुलिस से संपर्क किया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस