विजय का शपथ ग्रहण समारोह, फिल्मी सितारों और नेताओं का लगा जमावड़ा
चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस ऐतिहासिक मौके के लिए चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में भव्य तैयारियां की गई। पूरे शहर में इस समारोह को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
विजय के समर्थकों के साथ-साथ फिल्म और राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियां भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे चलते चेन्नई पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं।
स्टेडियम और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले खास मेहमानों के लिए स्टेडियम में बैठने की खास व्यवस्था की गई थी।
सबसे आगे की लाइन में विजय के माता-पिता, मशहूर फिल्म निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के लिए सीटें आरक्षित की गई। इसके अलावा, अभिनेत्री तृषा कृष्णन और उनकी मां को भी उसी लाइन में सीटें दी गई।
समारोह शुरू होने से पहले एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने वहां मौजूद लोगों और टीवी चैनलों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अभिनेत्री तृषा कृष्णन को विजय की मां शोभा चंद्रशेखर से प्यार से बात करते देखा गया। दोनों के बीच हुई यह मुलाकात सोशल मीडिया पर अब चर्चा का विषय बन गई।
कार्यक्रम के दौरान तृषा कई अन्य कलाकारों और फिल्मी हस्तियों से भी मिलती-जुलती दिखाई दीं। कई मेहमान अभिनेत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखे। विजय के शपथ ग्रहण से पहले पूरे स्टेडियम में जश्न जैसा माहौल दिखाई दिया।
विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। उनकी पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम (टीवीके) ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतीं। हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी, इसलिए पार्टी अपने दम पर सरकार नहीं बना सकी थी।
इसके बाद कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई-एम, वीसीके और आईयूएमएल पार्टियों ने विजय की पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया। इन दलों के सहयोग से विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन हो गया, जिससे सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया।
--आईएएनएस
पीके/एएस