पुदुक्कोट्टई में 14,000 लाभार्थियों को 100 करोड़ की सहायता राशि वितरित करेंगे सीएम विजय
पुडुकोट्टई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को पुडुकोट्टई जिले के दौरे के दौरान 14,000 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपए से अधिक की सरकारी कल्याणकारी सहायता राशि वितरित करेंगे। इस दौरान वे पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और नए विकास कार्यों की शुरुआत भी करेंगे।
मुख्यमंत्री विजय 8 करोड़ रुपए की लागत से बने एक बहुउद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे, साथ ही अन्य पूरी हो चुकी परियोजनाओं को जनता को सौंपेंगे और नए कार्यों की शुरुआत करेंगे। मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने इस दौरे के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और सुरक्षा के लिए 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। कार्यक्रम पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री विजय सड़क मार्ग से तिरुचिरापल्ली लौटेंगे और वहां से चेन्नई के लिए उड़ान भरेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पांच खाली विधानसभा सीटों पर जल्द ही उपचुनावों की घोषणा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विजय इन सीटों वाले जिलों का दौरा करने की योजना बना रहे हैं, जिससे पुडुकोट्टई का यह कार्यक्रम कल्याणकारी और विकास कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक महत्व भी रखता है।
हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बाद उनकी पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (टीवीके) गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही है।
इसके बाद विरालिमलाई, करूर, अंबासमुद्रम, पेरुंदुरई, मदुरंतकम और धारापुरम का प्रतिनिधित्व करने वाले एआईएडीएमके विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया और टीवीके में शामिल हो गए, जिससे ये सभी छह निर्वाचन क्षेत्र खाली हो गए।
बाद में मदुरंतकम और धारापुरम में उपचुनाव हुए, जिनमें टीवीके ने दोनों सीटों पर जीत हासिल की। अभी विरालिमलाई, करूर, अंबासमुद्रम और पेरुंदुरई सीट खाली हैं।
तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट भी खाली है, क्योंकि विजय ने यहां से भी विधानसभा चुनाव में जीता था और बाद में छोड़ दिया था, इसलिए इन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव होने की उम्मीद है।
विरालिमलाई पुदुकोट्टई जिले के अंतर्गत आता है, इसलिए सोमवार का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब वहां होने वाले संभावित चुनावी मुकाबले पर सबकी नजरें टिकी हैं।
हालांकि, इस आधिकारिक कार्यक्रम का मुख्य फोकस कल्याणकारी योजनाओं के वितरण और बुनियादी ढांचे पर है। इस दौरे के दौरान पूरी हो चुकी प्रमुख सुविधाओं में से एक बस स्टैंड और एक इनडोर स्टेडियम को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी