अपने ही संसदीय क्षेत्र में तृणमूल सांसद सौगत राय का विरोध, वाहन पर फेंका गया अंडा
कोलकाता, 28 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की दमदम लोकसभा सीट से चार बार सांसद रहे तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सौगत राय को गुरुवार को अपने ही संसदीय क्षेत्र में लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। एक पुलिस थाने से ज्ञापन सौंपकर बाहर निकलने के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उनके वाहन पर अंडा भी फेंका गया।
जानकारी के अनुसार, पेशे से भौतिकी के सेवानिवृत्त प्रोफेसर सौगत राय गुरुवार शाम निमता पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा था।
पुलिस स्टेशन से बाहर निकलते समय अचानक कुछ लोगों ने उन्हें और उनके समर्थकों को घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सांसद को "चोर" कहकर संबोधित किया और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
स्थिति बिगड़ती देख सौगत राय किसी तरह अपनी गाड़ी तक पहुंचे, तभी किसी ने उनकी ओर अंडा फेंका। हालांकि अंडा सांसद को नहीं लगा और उनके वाहन से टकराया।
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में सौगत राय ने आरोप लगाया कि इस हंगामे के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ है। उन्होंने इसे सुनियोजित गुंडागर्दी करार दिया।
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। पार्टी के राज्य प्रवक्ता देबोजित सरकार ने कहा कि भाजपा का इस घटना से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, "हम ऐसी गतिविधियों में विश्वास नहीं करते। हालांकि जो हुआ वह उचित नहीं था, लेकिन यह असामान्य भी नहीं है।"
हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दमदम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सात विधानसभा सीटों में से छह पर तृणमूल कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। केवल कामरहाटी विधानसभा सीट पर पार्टी अपनी जीत बरकरार रख सकी, जहां से तृणमूल विधायक मदन मित्रा दोबारा निर्वाचित हुए।
गौरतलब है कि दमदम लोकसभा क्षेत्र पिछले कुछ समय से तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी को लेकर चर्चा में रहा है। पहले भी सौगत राय और मदन मित्रा कई बार सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के खिलाफ बयान दे चुके हैं, जिससे पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे।
--आईएएनएस
डीएससी