वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने की इमरजेंसी की घोषणा
काराकस, 25 जून (आईएएनएस)। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने दक्षिण अमेरिकी देश में आए दो जबरदस्त भूकंपों के बाद इमरजेंसी की घोषणा की है। इस भूकंप में बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है।
रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "देश में आज दोपहर आए तेज भूकंप के बाद, हमने पूरे देश में इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे अलर्ट, सुरक्षित और जितना हो सके शांत रहें।"
उन्होंने यह भी बताया कि भूकंप से हुए नुकसान की वजह से मैक्वेटिया एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बचाव और राहत के काम के लिए देश भर में सुरक्षा एजेंसियां, मेडिकल सर्विस और सिविल प्रोटेक्शन टीमें तैनात हैं।
वेनेजुएला में एक के बाद एक दो तेज भूकंप आए, राजधानी काराकस में जोरदार झटके महसूस हुए। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बुधवार शाम 10.04 जीएमटी पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आने की जानकारी दी। इसके ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का और भी तेज झटका आया। दोनों झटके काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में समुद्र किनारे के शहर मोरोन के पास आए।
भूकंप 10 किमी की गहराई पर थे, जिससे उनका खतरनाक असर और बढ़ सकता है। वेनेजुएला के गृह, न्याय और शांति मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने कहा कि तेज भूकंपों से देश भर के शहरों में नुकसान हुआ है।
कैबेलो ने कहा कि काराकास मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के पूर्वी हिस्से में कई इमारतें गिर गईं, लेकिन उन्होंने मरने वालों या घायलों के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं दी। यूएसजीएस ने अनुमान लगाया है कि मरने वालों की संख्या 10 हजार से लेकर एक लाख तक हो सकती है।
कैबेलो ने वेनेजुएला के लोगों से आने वाले घंटों में इमारतों के अंदर रहने से बचने की अपील की। तेज झटकों के खतरे के कारण इमारतें और गिर सकती हैं, इसलिए लोगों को घरों से बाहर रहने की अपील की गई है। इसके साथ ही, उन्होंने लोगों से शांत रहने और देश के भूकंप के बाद के हालात से निपटने में एकजुट रहने की अपील की।
इस बीच, कोलंबियाई मीडिया ने बताया कि भूकंप पड़ोसी कोलंबिया के कई शहरों में भी तेजी से महसूस किया गया।
एक अलग घटना में, गुरुवार सुबह उत्तर-पूर्वी जापान में 6.9 तीव्रता का एक जोरदार भूकंप आया, जिससे देश के उत्तर-पूर्वी इलाके में काफी हलचल हुई और कुछ देर के लिए ट्रांसपोर्ट सर्विस भी रुक गईं। हालांकि, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
--आईएएनएस
केके/पीएम