तमिलनाडु: टीवीके को समर्थन के बदले डिप्टी सीएम पद चाहती है वीसीके
चेन्नई, 9 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) ने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्रि कझगम (टीवीके) को समर्थन देने के बदले बड़ी हिस्सेदारी की मांग रखी है। सूत्रों के मुताबिक, वीसीके ने अगली सरकार में डिप्टी मुख्यमंत्री पद समेत कई अहम जिम्मेदारियां मांगी हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, थोल थिरुमावलवन की अगुवाई वाली वीसीके ने शुक्रवार को आयोजित एक वर्चुअल उच्चस्तरीय बैठक में सत्ता साझेदारी को लेकर चर्चा की। बैठक में टीवीके नेतृत्व वाली संभावित सरकार में पार्टी की भूमिका और समर्थन की शर्तों पर विचार-विमर्श हुआ।
सूत्रों का कहना है कि वीसीके ने थोल थिरुमावलवन के लिए डिप्टी सीएम पद की मांग की है। इसके अलावा पार्टी ने अपने दो नव-निर्वाचित विधायकों के लिए कैबिनेट में जगह भी मांगी है। 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में वीसीके ने दो सीटें जीती थीं और अब सरकार गठन की कवायद में उसे अहम खिलाड़ी माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि थिरुमावलवन तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं, यदि यह सीट खाली होती है। टीवीके प्रमुख विजय ने विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत दर्ज की है और माना जा रहा है कि वह चेन्नई की पेरंबूर सीट अपने पास रख सकते हैं। ऐसे में तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट पर उपचुनाव की संभावना बन सकती है।
सूत्रों के अनुसार, वीसीके ने सत्ता में हिस्सेदारी के साथ-साथ कुछ नीतिगत मांगें भी रखी हैं। इनमें पिछली सरकार द्वारा जातीय हत्याओं की जांच के लिए गठित आयोगों को जारी रखना और सरकारी नौकरियों में दलितों को पदोन्नति में आरक्षण लागू करना शामिल है।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उसे सहयोगियों की जरूरत है।
वीसीके ने यह भी कहा है कि जिस पार्टी को जनता का जनादेश मिला है, उसे सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए। पार्टी ने राज्य में गवर्नर शासन लगाए जाने की किसी भी संभावना का विरोध किया है।
इसी बीच शुक्रवार रात थिरुमावलवन ने निवर्तमान मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से मुलाकात की, जिसके बाद वीसीके के अंतिम रुख और तमिलनाडु की बदलती राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
--आईएएनएस
डीएससी