'हालिया आउटेज में साइबर हमले के सबूत नहीं मिले,' अमेरिकी सीनेटर का दावा
वॉशिंगटन, 18 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में पिछले दिनों कई बड़ी सर्विस ठप होने के पीछे साइबर हमले की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब अमेरिकी सीनेटर ने इससे इनकार किया है। अमेरिकी सीनेटर मार्क वार्नर ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरुआती आकलन में इन घटनाओं का कारण दुर्भावनापूर्ण गतिविधि नहीं, बल्कि कंप्यूटर प्रणालियों की सुरक्षा मजबूत करने के प्रयास भी हो सकते हैं।
सीनेट की खुफिया समिति के उपाध्यक्ष और वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक सांसद वार्नर ने कहा कि यह अभी प्रारंभिक आकलन है और घटनाओं की विस्तृत जांच की जरूरत है।
उन्होंने एक बयान में कहा, ''फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि ये घटनाएं किसी साइबर हमले, विदेशी हस्तक्षेप या किसी समन्वित प्रयास का परिणाम हैं।''
वार्नर के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से अब बड़ी संख्या में कंप्यूटर प्रणालियों में मौजूद सुरक्षा खामियों का पहले के मुकाबले कहीं अधिक तेजी से पता लगाया जा सकता है। इससे कंपनियों और सरकारी एजेंसियों पर सुरक्षा अपडेट और सुधार तत्काल लागू करने का दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि जब कई प्रणालियों में एक साथ तेजी से बदलाव किए जाते हैं तो उन नेटवर्कों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिन्हें इतने बड़े पैमाने पर बदलावों को संभालने के लिए तैयार नहीं किया गया है।
वार्नर ने कहा, ''हालांकि हमें अभी इन घटनाओं की पूरी वजह का पता लगाना है, लेकिन अब तक के साक्ष्य दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के बजाय अपनी प्रणालियों को सुरक्षित बनाने के वैध प्रयासों की ओर इशारा करते हैं।''
हालांकि, उनके बयान में प्रभावित प्रणालियों के नाम, तकनीकी जांच के निष्कर्ष या अलग-अलग घटनाओं के बीच किसी साझा कारण की पुष्टि नहीं की गई।
इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) ने मंगलवार को बताया कि निर्धारित नियमित रखरखाव के दौरान उसकी सेवाओं में अस्थायी गिरावट आई थी। इससे कुछ आंतरिक प्रणालियां प्रभावित हुईं, लेकिन एजेंसी की महत्वपूर्ण परिचालन क्षमताएं सामान्य रूप से काम करती रहीं।
एनएसए ने कहा कि उसके बुनियादी ढांचे में कई स्तरों पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं, ताकि नियमित रखरखाव या किसी अप्रत्याशित स्थिति के दौरान भी कामकाज जारी रखा जा सके। एजेंसी ने अपने व्यवधान को एआई से नहीं जोड़ा।
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने भी शुक्रवार को देशभर में उड़ानों के प्रस्थान पर लगी रोक के पीछे साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है।
एफएए के अनुसार, उसके दूरसंचार नेटवर्क में अत्यधिक मात्रा में डेटा आने से विमान संचार और रडार फीड अस्थिर हो गए थे। प्रारंभिक जांच में टेक्सास के अमारिलो स्थित एक रडार केंद्र और अर्कांसस के एल डोराडो स्थित एक रेडियो संचार केंद्र को संभावित स्रोत के रूप में चिह्नित किया गया।
नेटवर्क सेवा प्रदाता एल3हैरिस अर्कांसस स्थित केंद्र पर काम कर रहा था और वहां नया राउटर भी लगाया जा रहा था। एफएए ने बताया कि दोनों स्थानों को नेटवर्क से अलग करने के बाद स्थिति स्थिर हो गई।
एजेंसी ने एहतियात के तौर पर संबंधित प्रकार के जूनिपर राउटर की स्थापना रोक दी है और अन्य राउटरों में संबंधित सुविधा को निष्क्रिय कर दिया है। हालांकि, व्यवधान की मूल वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अभी तक एनएसए और एफएए के बयानों से यह साबित नहीं होता कि इन घटनाओं के पीछे एआई आधारित सुरक्षा अपडेट की प्रक्रिया ही साझा कारण थी।
वार्नर ने इन व्यवधानों को तकनीकी बदलावों की तेज रफ्तार से पैदा हो रही चुनौतियों के प्रति चेतावनी बताया। उन्होंने एआई के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए मजबूत नियमों और साइबर सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत पर फिर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ''अमेरिकी नागरिकों को स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी तथा ऐसी सरकार मिलनी चाहिए, जो जवाब देने के लिए तैयार हो।''
वार्नर के कार्यालय ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिस्क मैनेजमेंट एंड सिक्योरिटी एक्ट 2026 का भी उल्लेख किया। यह विधेयक उन्होंने डेमोक्रेटिक सीनेटर ब्रायन शाट्ज और एंडी किम के साथ पेश किया है। इसमें उन्नत एआई प्रणालियों की सुरक्षा जांच, साइबर सुरक्षा मानकों और गंभीर सुरक्षा घटनाओं की रिपोर्टिंग का प्रावधान करने का प्रस्ताव है।
वार्नर ने कहा कि वह इन तकनीकी व्यवधानों की जांच जारी रखेंगे और संबंधित एजेंसियों से जवाब मांगते रहेंगे।
--आईएएनएस
केआर/