अमेरिका में तीन क्यूबाई नागरिक हिरासत में, रुबियो ने रद्द किया कानूनी दर्जा
वॉशिंगटन, 1 जुलाई (आईएएनएस)। स्टेट डिपार्टमेंट ने बताया कि क्यूबा के तीन नागरिकों को फेडरल कस्टडी में ले लिया गया है। इनमें क्यूबा सरकार से जुड़ी एक ऐसी संस्था का पूर्व कर्मचारी भी शामिल है, जिस पर इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया था। सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो की ओर से उनका कानूनी दर्जा खत्म किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि रुबियो की ओर से उनका कानूनी दर्जा रद्द किए जाने के बाद इस हफ्ते संघीय एजेंटों ने तीनों लोगों को हिरासत में लिया।
विभाग के अनुसार, कार्लोस एंटोनियो लोगा डोमिनगेज, उनकी पत्नी और उनके बेटे को अब अमेरिका से बाहर भेजे जाने की प्रक्रिया तक संघीय हिरासत में रखा गया है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने आरोप लगाया कि लोगा डोमिनगेज ने 'क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार के प्रभाव और खुफिया नेटवर्क से जुड़ी एक प्रमुख संस्था के लिए 10 साल से ज्यादा समय तक काम किया।'
विभाग ने कहा कि उन्होंने क्यूबाई इंस्टीट्यूट ऑफ फ्रेंडशिप विद द पीपल (आईसीएपी) में दस साल से ज्यादा समय तक नौकरी की और अमेरिका में रहने के दौरान भी वह इस अंतरराष्ट्रीय कम्युनिस्ट नेटवर्क से जुड़े रहे।
अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में रुबियो ने कार्यकारी आदेश 14404 के तहत आईसीएपी पर प्रतिबंध लगाए थे।
विभाग के अनुसार, आईसीएपी क्यूबा के खुफिया और प्रभाव बढ़ाने वाले बड़े अभियान का मुख्य केंद्र है, जिसका नेटवर्क 150 से ज्यादा देशों में 2,000 से अधिक संगठनों तक फैला हुआ है।
विभाग ने आरोप लगाया कि इस संस्था के क्यूबा की खुफिया एजेंसियों से लंबे समय से संबंध रहे हैं।
अमेरिका ने कहा कि आईसीएपी के मौजूदा अध्यक्ष फर्नांडो गोंजालेज लोर्ट एक दोषी ठहराए गए क्यूबाई जासूस हैं, जिन्होंने 1990 के दशक के आखिर में फ्लोरिडा में पकड़े गए 'वॉस्प नेटवर्क' नाम के क्यूबाई जासूसी गिरोह में भूमिका के लिए अमेरिका की जेल में 15 साल बिताए थे।
बयान में आगे कहा गया कि क्यूबा सरकार के साथ मिलकर आईसीएपी अमेरिका में अपनी गतिविधियां चलाता है। विभाग ने आरोप लगाया कि यह संस्था अमेरिका विरोधी प्रचार फैलाने, हवाना सरकार के समर्थकों और नेताओं को बढ़ावा देने तथा संघीय, राज्य और स्थानीय नेताओं पर क्यूबा सरकार के पक्ष में दबाव बनाने का काम करती है।
विभाग ने आरोप लगाया कि आईसीएपी अमेरिका में कुछ कट्टरपंथी समूहों के साथ क्यूबा के संबंध बनाने में मदद करता है और अमेरिका के वामपंथी समूहों का इस्तेमाल क्यूबा की कम्युनिस्ट विचारधारा को फैलाने के लिए करता है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी