अमेरिका में तूफान के बाद कई राज्यों में आपातकाल घोषित, डेढ़ लाख से ज्यादा घर प्रतिष्ठान अंधेरे में डूबे
वॉशिंगटन, 28 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में थैंक्सगिविंग के त्योहार के दौरान पूर्वी तट से टकराए शक्तिशाली तूफान के दो दिन बाद भी कई राज्यों में जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है। डेढ़ लाख से ज्यादा घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली नहीं है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है और लोग अपने क्षतिग्रस्त घरों व व्यवसायों को संभालने में जुटे हैं। नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो सका है।
थैंक्सगिविंग अमेरिका का एक प्रमुख राष्ट्रीय पर्व है, जिसे हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार सुबह तक 1.60 लाख से अधिक घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इनमें से लगभग एक-तिहाई प्रभावित उपभोक्ता पेंसिल्वेनिया में हैं। गुरुवार को आए तूफान के दौरान 50 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली थीं।
तूफान का असर नॉर्थ कैरोलिना से लेकर न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क और न्यू इंग्लैंड तक देखा गया। कई क्षेत्रों में तटीय बाढ़, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं सामने आईं।
न्यू जर्सी के तटीय इलाकों में बढ़ते जलस्तर के कारण आपातकालीन टीमों को घरों और वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना पड़ा। अटलांटिक सिटी में 14 लोगों को बचाया गया।
मैरीलैंड के मोंटगोमरी काउंटी में थैंक्सगिविंग की सुबह एक विशाल पेड़ घर पर गिर गया। दमकलकर्मियों ने खिड़की और सीढ़ी के माध्यम से दो लोगों को सुरक्षित निकाला, हालांकि दोनों को चोट नहीं आई, लेकिन मकान को काफी नुकसान पहुंचा और वहां रह रहे लोगों को घर छोड़ना पड़ा।
मैरीलैंड में दो जल शोधन संयंत्रों में बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा। इसके बाद करीब 19 लाख ग्राहकों से पानी का उपयोग केवल आवश्यक जरूरतों तक सीमित रखने की अपील की गई। बाद में बिजली बहाल होने पर यह सलाह वापस ले ली गई।
न्यू जर्सी और वर्जीनिया के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर रही। अटलांटिक सिटी में ज्वार का स्तर 8.28 फीट तक पहुंच गया, जो 2012 में आए सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद सबसे अधिक है। वहीं वर्जीनिया के नॉरफोक शहर में जलस्तर 7.59 फीट दर्ज किया गया, जो वहां के इतिहास में चौथा सबसे ऊंचा स्तर है।
नॉरफोक प्रशासन को 2,000 से अधिक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने पहले ही चेतावनी दी थी कि तेज हवाओं और ऊंचे ज्वार के संयुक्त प्रभाव से तटीय बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
तूफान का असर व्यवसायों पर भी पड़ा है। केप स्थित मशहूर 'लोब्स्टर हाउस' रेस्तरां में करीब छह इंच पानी भर गया, जिसके कारण उसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। मालिक कीथ लॉडेमन ने बताया कि उनके कर्मचारी पहले भी ऐसी बाढ़ का सामना कर चुके हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त सामग्री को तेजी से बदलना सबसे बड़ी चुनौती है।
नॉर्थ कैरोलिना के हैटरस और ओक्राकोक द्वीपों में तटबंधों को भारी नुकसान पहुंचा है। हजारों फीट रेत के टीले बह गए और हाईवे-12 के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं एवॉन फिशिंग पियर को भी नुकसान पहुंचा है।
कनेक्टिकट में भी कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, वाहन फंस गए और पेड़ व बिजली के तार सड़कों पर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यू जर्सी ने अपने सभी 21 काउंटियों में आपातकाल घोषित कर दिया है। न्यूयॉर्क ने न्यूयॉर्क सिटी, लॉन्ग आइलैंड और आसपास के क्षेत्रों में आपातकाल लागू किया है। वर्जीनिया की गवर्नर एबिगेल स्पैनबर्गर ने भी तटीय बाढ़, सड़क बंद होने और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान के मद्देनजर राज्य में आपातकाल की घोषणा की है।
--आईएएनएस
वीसी