☰
×

यूक्रेन में मार्शल लॉ और सैन्य भर्ती 90 दिन और बढ़ाने का प्रस्ताव, जेलेंस्की ने पेश किया विधेयक का मसौदा

 

कीव, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस से जारी युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने 2022 से लागू मार्शल लॉ और सामान्य सैन्य भर्ती को एक बार फ‍िर से बढ़ाने के ल‍िए सोमवार को संसद में एक विधेयक का मसौदा पेश किया। इसमें मार्शल लॉ और सामान्य सैन्य भर्ती को 90 दिनों के लिए और बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी संसद की प्रेस सेवा के अनुसार, अगर सांसद इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देते हैं, तो ये दोनों व्यवस्थाएं 31 अक्टूबर को समाप्त होने के बजाय 29 जनवरी 2027 तक लागू रहेंगी। यूक्रेन में फरवरी 2022 से रूस के साथ जारी युद्ध के बाद से अब तब से इन्हें कई बार बढ़ाया जा चुका है।

इससे पहले जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन युद्ध को जल्द समाप्त करने के लिए मौजूदा मोर्चों पर लड़ाई रोकने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यूक्रेन अपने किसी भी क्षेत्र को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।

एबीसी न्‍यूज को दिए एक इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा कि वह युद्धविराम समझौते के लिए तैयार हैं, लेकिन यूक्रेन के 25 प्रतिशत क्षेत्र को छोड़ने के किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेंगे।

जेलेंस्की ने अमेरिका से मिलने वाली सैन्य सहायता में हालिया कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में अमेरिका से यूक्रेन को उसके पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली के लिए केवल 24 इंटरसेप्टर मिसाइलें मिली हैं, जबकि उसकी औसत मासिक जरूरत लगभग 350 मिसाइलों की है। उन्होंने स्थिति की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि सिर्फ गुरुवार रात को ही कीव पर 30 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई थीं।

इस बीच, अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि वॉशिंगटन की ओर से जेलेंस्की पर शांति समझौते के लिए कुछ रियायतें देने का दबाव बढ़ रहा है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार यह आरोप लगा चुके हैं कि अमेरिका की मध्यस्थता वाली वार्ताओं में प्रगति न होने के लिए कीव जिम्मेदार है।

उधर, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शुक्रवार को बताया कि रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता नवंबर के पहले पखवाड़े में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में होने वाली है। इन वार्ताओं का मुख्य उद्देश्य संभावित शांति समझौते के बाद रूस और यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा करना होगा।

वहीं, समाचार एजेंसी इंटरफैक्स-यूक्रेन के अनुसार, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन अगले महीने अबू धाबी में अमेरिका और रूस के साथ त्रिपक्षीय बैठक के लिए तैयार है। युद्ध जारी रहने के बीच इन प्रस्तावित वार्ताओं को संघर्ष समाप्त करने और स्थायी शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी