☰
×

ब्रिटेन रॉदरहैम यौन शोषण मामला: दोषी ठहराया गया एक आरोपी पाकिस्तान भागा, दूसरे की भी तलाश जारी

 

लंदन, 14 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के रॉदरहैम में करीब 20 साल पहले एक किशोरी के साथ हुए यौन शोषण और तस्करी के मामले में दोषी ठहराए गए दो आरोपियों में से एक के पाकिस्तान भाग जाने की आशंका है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह मुकदमे की सुनवाई से पहले ही फरार हो गया था।

स्काई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल क्राइम एजेंसी (एनसीए) ने बताया कि 37 वर्षीय कमीर इफजाल खान, जो सशर्त जमानत पर बाहर था, 22 सितंबर को कतर के लिए उड़ान भरकर गया था और माना जा रहा है कि वहां से वह पाकिस्तान चला गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि दूसरा आरोपी मुदस्सर हुसैन भी मुकदमे से पहले सशर्त जमानत पर था और उसका पासपोर्ट पहले ही जमा करा लिया गया था। एनसीए का मानना है कि वह अभी भी ब्रिटेन में हो सकता है, लेकिन यह भी संभव है कि वह अवैध तरीके से देश छोड़ चुका हो।

शेफील्ड क्राउन कोर्ट ने गुरुवार को कमीर इफजाल खान और मुदस्सर हुसैन, दोनों 37 वर्ष, तथा मुदस्सर के भाई 42 वर्षीय गजनफर हुसैन को दोषी करार दिया।

मुदस्सर हुसैन को बलात्कार के 12 मामलों में दोषी ठहराया गया। कमीर इफजाल खान को दो मामलों में बलात्कार और एक मामले में यौन शोषण का दोषी पाया गया। वहीं, गजनफर हुसैन को एक बलात्कार मामले में दोषी ठहराया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की उम्र 13 और 14 साल के बीच थी, जब उसे बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया गया और उसका यौन शोषण किया गया। सबसे पहले मुदस्सर हुसैन ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद 2008 से 2010 के बीच अलग-अलग समय पर गजनफर हुसैन और कमीर इफजाल खान ने भी उसका शोषण किया।

एनसीए के मुताबिक, लड़की एक 'टेकअवे' दुकान पर जाने लगी थी, जहां खान काम करता था। वह उसे खाना, पैसे और सिगरेट देता था तथा डिलीवरी के दौरान अपने साथ ले जाता था।

जांच एजेंसी के अनुसार, खान कई बार उसे एक घर में भी लेकर गया और वहां मौजूद अन्य पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। लड़की हर बार मना कर देती थी। लेकिन एक दिन वह उसे दूसरे पते पर ले गया और वहां एक अन्य व्यक्ति के साथ अकेला छोड़ दिया, जिसने उसके साथ बलात्कार किया।

रिपोर्ट के अनुसार, इन तीनों आरोपियों को 'ऑपरेशन स्टोववुड' के तहत गिरफ्तार किया गया था। यह जांच अभियान 2014 में रॉदरहैम यौन शोषण कांड के बाद शुरू किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक लगभग 1,150 संभावित पीड़ितों की पहचान कर उन्हें सहायता दी गई है। साथ ही, 55 लोगों के खिलाफ 60 दोषसिद्धियां हासिल की जा चुकी हैं।

तीनों आरोपियों को शुक्रवार को शेफील्ड क्राउन कोर्ट में सजा सुनाई जानी थी। इस बीच, पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों का पता लगाने के लिए आम लोगों से भी मदद की अपील की है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी