मुख्यमंत्री विजय और तृषा के खिलाफ टिप्पणी करने पर उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया गया
चेन्नई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता और डीएमके यूथ विंग के सेक्रेटरी उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को उनके नीलांकरई स्थित घर से पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले गई। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में दर्ज केस के सिलसिले में की गई।
सोमवार को तंजावुर में डीएमके के विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर 'तमिलगा वेट्री कझगम' (टीवीके) की महिला विंग की शिकायत पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं समेत छह धाराओं में मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के तुरंत बाद डीएमके ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया और उदयनिधि की गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग की।
इसके बाद डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) अलागेसन के नेतृत्व में तंजावुर पुलिस की एक टीम उदयनिधि के नीलांकरई स्थित घर पहुंची और उन्हें मामले के बारे में जानकारी दी। चेन्नई के पुलिस कमिश्नर ए. अमलराज भी मौके पर पहुंचे।
डीएमके के वरिष्ठ नेता के.एन. नेहरू और मा. सुब्रमण्यम, पार्टी की लीगल विंग के सदस्यों के साथ उनके घर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उदयनिधि की लीगल टीम ने आगे की कार्रवाई तय करने से पहले वकीलों से सलाह-मशविरा करने के लिए समय मांगा।
जैसे ही पुलिस की कार्रवाई की खबर फैली, डीएमके के कई कार्यकर्ता घर के बाहर जमा हो गए और उदयनिधि के समर्थन में नारे लगाने लगे। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
यह विवाद सोमवार को तंजावुर में पनागल बिल्डिंग के बाहर डीएमके के विरोध प्रदर्शन से शुरू हुआ, जहां उदयनिधि ने कावेरी जल विवाद, प्रस्तावित मेकेदातु जलाशय और कृषि ऋण माफी की मांगों को लेकर टीवीके सरकार पर निशाना साधा।
अपने भाषण के दौरान उदयनिधि ने कावेरी डेल्टा में पानी की बिगड़ती स्थिति का ज़िक्र किया और सवाल उठाया कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि सत्ता में होते, तो क्या नदियां सूख गई होतीं? भीड़ में एक महिला अभिनेत्री का जिक्र होने और उसके बाद मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधने वाली उनकी टिप्पणियों के कारण यह विवाद और बढ़ गया।
टीवेके ने इन टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि ये अपमानजनक और आपत्तिजनक थीं। इसके बाद टीवीके की महिला विंग ने तंजावुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मंगलवार को कई जिलों में विरोध प्रदर्शन करके डीएमके नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने अलग से राष्ट्रीय महिला आयोग से संपर्क किया और आरोप लगाया कि उदयनिधि के भाषण में मानहानि करने वाली, महिलाओं को वस्तु के तौर पर दिखाने वाली और यौन संकेत देने वाली बातें थीं। याचिका में आयोग से दखल देने, कानूनी कार्रवाई करने और उदयनिधि से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की गई।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम