यूएई ने खाड़ी में तनाव कम करने के लिए बातचीत पर दिया जोर, ईरान के कब्जे वाले तीन द्वीपों का भी उठाया मुद्दा
संयुक्त राष्ट्र, 29 सितंबर (आईएएनएस)। खाड़ी युद्ध के केंद्र में मौजूद देशों में से एक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सोमवार को कहा कि वह तनाव कम करने और बातचीत के जरिए विवादों का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है। खाड़ी में जारी संघर्ष का असर दुनिया की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर भी पड़ रहा है।
यूएई के विदेश मामलों के राज्य मंत्री खलीफा शाहीन अल मरार ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा, "हमारा सैद्धांतिक रुख तनाव कम करने, देशों के बीच दूरियां कम करने, कूटनीति और बातचीत को बढ़ावा देने और विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने पर आधारित है। हम गैरकानूनी तरीके से ताकत के इस्तेमाल या उसकी धमकी और दबाव बनाने का भी विरोध करते हैं।"
उन्होंने उन तीन द्वीपों का मुद्दा भी उठाया, जिन पर ईरान का कब्जा है। ये हैं ग्रेटर टुनब, लेसर टुनब और अबू मूसा। ये द्वीप होर्मुज स्ट्रेट तक पहुंच के लिहाज से रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण जगह पर स्थित हैं।
अल मरार ने कहा, "ईरान ने तीन अमीराती द्वीपों पर अपना कब्जा जारी रखा है, जिसे हम स्वीकार नहीं करते। यूएई लगातार इस विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की मांग करता रहा है। इसे सीधे बातचीत के जरिए या अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में ले जाकर सुलझाया जा सकता है।"
ईरान ने 1971 में इन द्वीपों पर नियंत्रण कर लिया था। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के भी यहां सैन्य ठिकाने हैं। खाड़ी में संघर्ष बढ़ने के बीच अमेरिका ने अबू मूसा और ग्रेटर टुनब पर हमले किए हैं। अल मरार ने संघर्ष की ज्यादा जानकारी में जाए बिना समुद्री रास्तों पर जहाजों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हम अंतरराष्ट्रीय कानून, समुद्री कानून और देशों की संप्रभुता के सिद्धांत के मुताबिक सप्लाई चेन, व्यापार और ऊर्जा की सुरक्षित आवाजाही को सुनिश्चित करने और उसकी रक्षा करने की जरूरत पर जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि तमाम संकटों के बावजूद यूएई ने विकास और आगे बढ़ने की अपनी कोशिशें जारी रखी हैं।
अल मरार ने कहा, "इस देश का निर्माण चुनौतियों की गैरमौजूदगी में नहीं हुआ, बल्कि उनका सामना करते हुए हुआ है।"
यूएई अरब देशों में इजराइल के सबसे करीबी साझेदार देशों में से एक है। इसके बावजूद अल मरार ने फिलिस्तीनी इलाकों में इजरायल की कार्रवाइयों की 'कड़े शब्दों में' निंदा की।
उन्होंने कहा कि वेस्ट बैंक में इजराइल की बढ़ती कार्रवाई, बस्तियां बसाने की गतिविधियों, बसने वालों की हिंसा, आतंकवाद और पूर्वी यरुशलम तथा धार्मिक स्थलों पर उल्लंघनों को तुरंत रोकने की जरूरत है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की थी।
--आईएएनएस
एवाई/एएस