☰
×

यूएई: रास अल खैमाह में बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत

 

अबू धाबी, 24 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में अल वतन रोड पर एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। यूएई के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

गृह मंत्रालय द्वारा 'एक्स' पर जारी एक बयान के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने एंबुलेंस कर्मियों, नागरिक सुरक्षा टीमों और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव कार्य और आपातकालीन चिकित्सा सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने इलाके को सुरक्षित किया और यातायात को नियंत्रित किया।

मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और जांच पूरी होने के बाद इसके नतीजे जारी किए जाएंगे।

गृह मंत्रालय ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें और दुर्घटना के बारे में अफवाहें या बिना पुष्टि वाली जानकारी न फैलाएं।

गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार, 12 नवंबर को फुजैराह में हुई एक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। इस हादसे में 18 वाहन और पांच ट्रक शामिल थे।

यूएई के दैनिक समाचार पत्र 'खलीज टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना तब हुई, जब एक ट्रक चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और एक अन्य वाहन से टकरा गया, जिससे वह वाहन पलट गया। पलटा हुआ वाहन सड़क पर धीमी गति के कारण रुके हुए कई अन्य वाहनों से जा टकराया। ट्रक में आग भी लग गई, जो सड़क पर मौजूद अन्य वाहनों तक फैल गई।

गृह मंत्रालय ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मंत्रालय ने लोगों से फिर आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें और अफवाहें या बिना पुष्टि वाली बातें न फैलाएं।

'खलीज टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले जून में दुबई के अमीरात रोड पर एक मिनी बस के ट्रक से टकरा जाने से सात लोगों की मौत हो गई थी और नौ अन्य घायल हो गए थे। दुबई पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अचानक सड़क के बीच में रुक गया था। बस चालक, जिसने सुरक्षित दूरी नहीं रखी थी, पीछे से ट्रक से जा टकराया।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी