एलओसी पर प्रशिक्षण के दौरान हादसा, ग्रेनेड विस्फोट में दो जवान घायल
जम्मू, 12 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के अग्रिम क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हुए आकस्मिक ग्रेनेड विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा एलओसी के फॉरवर्ड एरिया में नियमित प्रशिक्षण के दौरान हुआ। विस्फोट के बाद दोनों घायल जवानों को तुरंत पुंछ स्थित 425 आर्मी फील्ड अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
जम्मू-कश्मीर में लगभग 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी और जम्मू जिले के कुछ हिस्सों से होकर गुजरती है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश में करीब 240 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा भी है, जो सांबा, कठुआ और जम्मू जिलों में स्थित है।
एलओसी की सुरक्षा भारतीय सेना करती है, जबकि अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जिम्मे है। दोनों सुरक्षा बल घुसपैठ, तस्करी, सीमा पार से ड्रोन गतिविधियों और आतंकवादी संगठनों की साजिशों को रोकने के लिए लगातार तैनात रहते हैं।
सीमा पार से आतंकवादी संगठन ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद, नकदी और मादक पदार्थ भारतीय क्षेत्र में गिराने की कोशिश करते रहे हैं, जिन्हें उनके स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से आतंकियों तक पहुंचाया जाता है। इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन प्रणाली तैनात की गई है, जिससे ऐसी घटनाओं में काफी कमी आई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां आतंकवादियों, उनके सहयोगियों और नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं।
--आईएएनएस
डीएससी