×

टीवीके के नवनिर्वाचित विधायकों ने तमिलनाडु की जनता का किया धन्यवाद, पार्टी मुख्यालय में अहम बैठक

 

चेन्नई, 5 मई (आईएएनएस)। अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उन पर भरोसा जताने के लिए मतदाताओं का धन्यवाद किया।

पार्टी के नेता आगे की रणनीति तय करने के लिए चेन्नई के पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में एक अहम बैठक के लिए इकट्ठा हुए। नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग की गई थी।

अन्ना नगर से टीवीके के विजयी उम्मीदवार वीके रामकुमार ने इस नतीजे को राज्य के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए ​​कहा, "यह तमिलनाडु के लिए एक बहुत बड़ी जीत है। हम यह जीत उन लोगों को समर्पित करते हैं, जिन्होंने हम पर भरोसा जताया है। हम अपने नेता द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे।"

उन्होंने कहा, "यह जनादेश साबित करता है कि चुनावों में लोगों के पास ही सबसे बड़ी ताकत होती है। हमें उम्मीद है कि हम लोगों के लिए सबसे अच्छा काम करेंगे।"

पोलुर से जीतने वाले अभिषेक आर. ने कहा कि उनका तत्काल ध्यान अंदरूनी चर्चाओं पर है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए ​​कहा, "हम यहां एक मीटिंग के लिए इकट्ठा हुए हैं और आगे बढ़ने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।"

कांचीपुरम विधानसभा क्षेत्र से टीवीके के विजयी उम्मीदवार आर.वी. रंजीत कुमार ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, "तमिलनाडु ने अब तक सिर्फ भ्रष्ट शासन ही देखा है। पिछले पांच साल में भी उन्होंने 5 लाख करोड़ रुपए का कर्ज लिया है, जिससे तमिलनाडु के लोग इसके बोझ तले दब गए हैं। हालात ऐसे हैं कि इस भ्रष्टाचार के जरिए सिर्फ उनके रिश्तेदार और सगे-संबंधी ही तरक्की कर रहे हैं, क्योंकि टीवीके के अध्यक्ष ने ऐलान किया था कि वह भ्रष्टाचार को जड़ से मिटा देंगे, इसलिए तमिलनाडु की जनता ने उन्हें यह जीत दिलाई है।"

आर.वी. रंजीत कुमार ने कहा, "1977 में एम. जी. रामचंद्रन ने सरकार बनाई थी। इतिहास में दूसरी बार अब विजय ने एक क्रांति का नेतृत्व किया है। वह निश्चित रूप से लोगों का भला करेंगे और थलापति द्वारा किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे। थलापति का दृष्टिकोण केंद्र सरकार के साथ सहयोग का होगा। कल ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीवीके को बधाई दी थी। टीवीके के लिए लोगों का समर्थन लगातार बढ़ता ही जाएगा, यह कभी कम नहीं होगा।"

--आईएएनएस

एसएके/वीसी