वेल्लोर में टीवीके ने 23 फरवरी को सार्वजनिक रैली रद्द की, अब बंद कमरे में होगी कार्यकारी परिषद की बैठक
वेल्लोर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता से राजनेता बने विजय के नेतृत्व में टीवीके की कार्यकारी परिषद की बैठक सोमवार को तमिलनाडु में वेल्लोर जिले के अगरमचेरी में होगी। बैठक में 4,900 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे, जिसे अब सार्वजनिक रैली की बजाय प्रशासनिक सत्र के रूप में बदल दिया गया है।
बैठक पहले एक बड़े सार्वजनिक सभा के रूप में आयोजित होनी थी, जिसमें लगभग 25,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी। संभावित भीड़ को देखते हुए अगरमचेरी में 33 एकड़ जमीन को समतल करने की तैयारी चल रही थी। स्थल का निरीक्षण करने के बाद वेल्लोर के पुलिस अधीक्षक एन.यू. शिवरमण ने 20 शर्तें लगाते हुए एक नोटिस जारी किया और पार्टी से लिखित स्पष्टीकरण मांगा।
टीवीके ने इसका जवाब दिया। पार्टी ने बताया कि कार्यक्रम का प्रारूप संशोधित कर दिया गया। पुलिस निर्देशों का पालन करते हुए, प्रस्तावित सार्वजनिक रैली को एक बंद कमरे वाली कार्यकारी परिषद की बैठक में बदल दिया गया।
बैठक को 4,900 सदस्यों तक सीमित कर दिया गया है, जिनमें से सभी को क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। केवल अधिकृत पहचान पत्र रखने वालों को ही स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। बैठक सोमवार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक होनी है। व्यवस्थाओं के तहत, आयोजन स्थल के भीतर 10 निर्धारित स्थानों पर शामियाने लगाए जाएंगे। साथ ही बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी होगी।
आयोजकों ने बैठक में हिस्सा लेने वाले लोंगो की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 50,000 पानी की बोतलों के वितरण की व्यवस्था की है। 6,000 लीटर क्षमता वाले पेयजल टैंक की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा चिकित्सा तैयारियों को मजबूत किया गया है। 30 डॉक्टरों, 100 नर्सों और 100 चिकित्सा सहायकों सहित 10 चिकित्सा दल स्थल पर तैनात किए गए हैं। पंद्रह एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर रहेंगी। इसके अतिरिक्त 500 स्वयंसेवक, जिनमें 50 महिलाएं शामिल हैं। वे व्यवस्था बनाए रखने में सहायता करेंगे।
स्वयंसेवकों को सेवानिवृत्त पुलिस सब-इंस्पेक्टर सबियुल्लाह द्वारा आयोजित सुरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया है। पुलिस विभाग ने घोषणा की है कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 900 कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
आयोजन स्थल चेन्नई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग के पास है, इसलिए राजमार्ग और सर्विस रोड पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा, लेकिन अगरमचेरी-पल्लीकुप्पम सड़क पर यातायात में बदलाव किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि विजय सोमवार को चेन्नई से सड़क मार्ग से यात्रा करेंगे, इसलिए उनके काफिले का पीछा करने वाले अनधिकृत वाहनों को रोकने के लिए सख्ती की जाएगी।
--आईएएनएस
सत्यम दुबे/वीसी