अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद से तय होगी ईरान को मिलने वाली राहत : डोनाल्ड ट्रंप
वाशिंगटन, 23 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को किसी भी प्रतिबंधों में दी जाने वाली राहत अमेरिकी खेती के प्रोडक्ट्स की खरीद से जुड़ी होगी। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच नए समझौते को लेकर जो बातचीत हो रही है, उसके तहत तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
क्वांटम टेक्नोलॉजी पर एग्जीक्यूटिव ऑर्डर साइन करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही बातचीत पर विस्तृत जानकारी दी। ट्रंप ने बातचीत को प्रोडक्टिव बताया और कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से शिपिंग सामान्य स्तर पर लौट आई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हमारा स्ट्रेट खुला है और हमारे पास एक ऐसा देश है जिसके पास कभी परमाणु हथियार कभी नहीं होगा।"
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड में ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहा है। बातचीत में ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य, होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय विवाद सुलझाने के तरीकों पर जोर रहा।
ट्रंप ने कहा कि सरकार प्रतिबंधों में राहत देने पर विचार कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि जो भी फंड फ्रीज नहीं किया गया है, उसे अमेरिका से खाद्य वस्तुओं को खरीदने में इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “एक चीज जो हम कर रहे हैं और यह बात कल रात सामने आई, वह यह है कि जो पैसा फ्रीज नहीं हो रहा है, उसका इस्तेमाल खाना खरीदने में किया जाएगा। और खाना सिर्फ अमेरिका के जरिए हमारे किसानों से खरीदा जाएगा। मक्का, सोयाबीन, उनकी जरूरत की सभी चीजें हमारे किसानों से खरीदी जाएंगी।”
यह पूछे जाने पर कि क्या प्रतिबंध हटाने से ईरान अपनी सैन्य क्षमता फिर से बना पाएगा, ट्रंप ने कहा कि यह तय हुआ था कि पैसे का इस्तेमाल मानवीय कार्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा, "उन्हें अपने लोगों के लिए खाना खरीदने के लिए पैसे का इस्तेमाल करना चाहिए, क्योंकि अभी उनके लोग बहुत भूखे हैं।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी भरोसा जताया कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, "हम एक सही और वाजिब डील पर बातचीत करने के मामले में बहुत अच्छा कर रहे हैं।"
खास एनफोर्समेंट मैकेनिज्म पर बात करने से मना करते हुए, ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान किसी भी समझौते को मानने में विफल होता है तो अमेरिका जवाब देगा। उन्होंने कहा, “मुझे जो करना होगा, मैं करूंगा।”
ट्रंप ने इस बात को खारिज कर दिया कि तेहरान ने बातचीत में फायदा उठाया है। उन्होंने फिर से ईरान की सैन्य क्षमता खत्म होने का दावा करते हुए कहा कि हाल के सैन्य ऑपरेशन ने ईरान की क्षमता को काफी कमजोर कर दिया है। उनकी नौसेना और वायु सेना खत्म हो गई। उनके सभी नेता मर चुके हैं। उनकी अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई है।”
बातचीत में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भूमिका की सराहना करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि वे बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं। मैंने स्विट्जरलैंड से उनकी न्यूज कॉन्फ्रेंस देखी। वह बहुत स्मार्ट आदमी हैं। उन्होंने बहुत अच्छा काम किया।”
राष्ट्रपति ने आगे दावा किया कि हाल के तनाव के बाद होर्मुज स्ट्रेट से ऊर्जा शिपमेंट में जबरदस्त उछाल आया। उन्होंने कहा, “कल हमने स्ट्रेट से जितना तेल लिया, उतना पहले कभी नहीं गया। स्ट्रेट पूरी तरह से खुला है।”
--आईएएनएस
केके/एएस