तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख ने कर्नाटक से कावेरी का पानी तुरंत छोड़ने की अपील की
न्नई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विरुधुनगर के सांसद मणिकम टैगोर ने बुधवार को कर्नाटक सरकार से कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्लूआरसी) के उस आदेश को तुरंत लागू करने का आग्रह किया, जिसमें तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी छोड़ने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस निर्देश में देरी करने या इसे चुनौती देने की किसी भी कोशिश से दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच तनाव और बढ़ जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में टैगोर ने कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री के. रामलिंगा रेड्डी के उस बयान की आलोचना की जिसमें कहा गया था कि राज्य सीडब्लूआरसी के हालिया आदेश के खिलाफ अपील करेगा और वह तमिलनाडु को पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है।
टैगोर कहा कि ऐसी बातें "गैर-जिम्मेदाराना" हैं और ऐसे समय में जब सहयोग जरूरी है, ये केवल दोनों राज्यों के बीच अनावश्यक मनमुटाव पैदा करती हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पानी की कमी के कारण तमिलनाडु में कुरुवई की खेती को पहले ही नुकसान हो चुका है और चेतावनी दी कि अगर कावेरी का पानी बिना किसी देरी के नहीं छोड़ा गया तो आने वाली सांबा फसल भी खतरे में पड़ जाएगी।
टैगोर ने कहा, "पानी तुरंत छोड़ा जाना चाहिए। कर्नाटक सरकार को बिना किसी बहाने के सीडब्लूआरसी के आदेश को पूरी तरह से लागू करना चाहिए। क्योंकि कावेरी डेल्टा के किसान खेती के काम को जारी रखने के लिए बेसब्री से पानी का इंतजार कर रहे हैं।"
कावेरी जल विनियमन समिति ने मंगलवार को कर्नाटक को निर्देश दिया कि वह 29 जुलाई से 15 दिनों तक 3,500 क्यूसेक प्रति दिन की दर से तमिलनाडु को 4 टीएमसी पानी छोड़े।
हालांकि, कर्नाटक ने संकेत दिया है कि वह सूखे की स्थिति और अपने जलाशयों में पानी के सीमित भंडार का हवाला देते हुए कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष अपील दायर करने पर विचार कर रहा है।
पानी के बंटवारे के नवीनतम आंकड़ों का हवाला देते हुए, टैगोर ने दावा किया कि 26 जुलाई तक तमिलनाडु को निर्धारित 35.391 टीएमसी फिट पानी के मुकाबले केवल 3.543 टीएमसी फिट पानी मिला है।
उनके अनुसार, यह देय मात्रा का बमुश्किल 10.01 प्रतिशत था, जिससे राज्य को मौजूदा जल वर्ष के दौरान कुल मिलाकर 9.46 टीएमसी फिट पानी की कमी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि भारत के संघीय ढांचे की भावना को बनाए रखने के लिए कावेरी विवाद से संबंधित न्यायिक और वैधानिक आदेशों का कार्यान्वयन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कानूनी रूप से बाध्यकारी फैसलों और निर्देशों का सम्मान करना ही पानी के समान बंटवारे को सुनिश्चित करने और नदी-तटीय राज्यों के बीच सद्भाव बनाए रखने का एकमात्र तरीका है।
टैगोर ने कर्नाटक सरकार से बिना किसी देरी के सीडब्लूआरसी के निर्देश का पालन करने का आग्रह किया और कहा कि तमिलनाडु में हजारों किसानों की आजीविका कावेरी के पानी की समय पर आपूर्ति पर निर्भर करती है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम