☰
×

सीएम विजय पर अभद्र टिप्पणी का मामला, मंत्री कीर्तना ने डीएमके की महिला पदाधिकारी के बयान को बताया शर्मनाक

 

चेन्नई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की मंत्री कीर्तना ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ डीएमके महिला विंग की एक पदाधिकारी द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने सांसद कनिमोझी और चेन्नई की मेयर प्रिया राजन पर सवाल उठाया है कि चेन्नई में आयोजित एक सार्वजनिक सभा में दिए गए भाषण के दौरान उन्होंने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया?

सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में, कीर्तना ने विपक्षी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए मुख्यमंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत हमलों को बर्दाश्त कर रही हैं।

उन्होंने मंच पर बैठीं कनिमोझी और प्रिया से पूछा कि क्या वे इन टिप्पणियों की सार्वजनिक रूप से निंदा करेंगी या चुप रहेंगी?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब भाषण के वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए, जिसके बाद 'तमिलगा वेत्री कझगम' (टीवीके) के समर्थकों ने विरोध जताया।

महिला ने कथित तौर पर विजय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उनकी सरकार पर चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने मुख्यमंत्री को बार-बार 'कुत्ता' कहा और आरोप लगाया कि टीवीके प्रशासन केवल उन्हीं सब्सिडी योजनाओं को जारी रख रहा है, जिन्हें एमके. स्टालिन के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने शुरू किया था।

टीवीके कार्यकर्ताओं ने वक्ता और मंच पर मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस तरह की टिप्पणियों को होने देना, डीएमके द्वारा प्रचारित 'प्रगतिशील राजनीतिक मूल्यों' के अनुरूप है।

कीर्तना ने आरोप लगाया कि भाषण के दौरान प्रिया हंस रही थीं, जबकि कनिमोझी चुपचाप बैठी रहीं और उन्होंने कोई आपत्ति तक नहीं जताई। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि इन टिप्पणियों के दौरान कनिमोझी असहज दिख रही थीं।

मंत्री ने कहा कि चुनावी हार की हताशा किसी चुने हुए मुख्यमंत्री का अपमान करने या सार्वजनिक मंच से ऐसे हमलों का आनंद लेने को सही नहीं ठहरा सकती। उन्होंने तर्क दिया कि राजनीतिक नेताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे अपने मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक बातचीत के स्तर को बनाए रखें।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम