टीएमसी बिलबोर्ड विवाद में विधायक हुमायूं कबीर को पूछताछ के लिए भेजा समन
कोलकाता, 7 सितंबर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता और डेबरा से विधायक हुमायूं कबीर को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट ऑफिस से कथित अवैध बिलबोर्ड हटाने के दौरान 27 अगस्त को हुई झड़प के मामले में दर्ज एफआईआर के सिलसिले में दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शेक्सपियर सरणी थाने की एक टीम रविवार सुबह दक्षिण कोलकाता के कस्बा स्थित कबीर के आवास पर पहुंची और उन्हें नोटिस सौंपा। नोटिस में उन्हें 9 सितंबर को दोपहर 12 बजे जांच अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, हुमायूं कबीर ने अधिकारियों को बताया कि वह 7 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे पूछताछ के लिए पेश होंगे।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दो बार उनके आवास पर नोटिस देने की कोशिश की थी लेकिन दोनों बार कबीर मौजूद नहीं थे। आखिरकार रविवार को हुई तीसरी कोशिश में नोटिस दिया जा सका।
नोटिस मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कबीर ने आरोप लगाया कि कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ बिना किसी पूर्व सूचना या उचित प्रक्रिया का पालन किए बिलबोर्ड को हटाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, "अब हमारे खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।"
पिछले हफ्ते अभिषेक बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन और बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय से शेक्सपियर सरणी थाने में इस मामले में पूछताछ की गई थी। सुमित रॉय को फिर से 7 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग ने तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट को कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय खाली करने का निर्देश दिया है। विभाग ने इमारत की सातवीं और आठवीं मंजिल में आग से सुरक्षा में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद खाली करने का आदेश दिया है और इसकी जानकारी संपत्ति के मालिक को भी दी है।
बता दें कि 27 अगस्त को केएमसी के अधिकारी पुलिसकर्मियों के साथ कैमक स्ट्रीट ऑफिस से बिलबोर्ड हटाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन और अन्य नेताओं के नेतृत्व में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई।
शेक्सपियर सरणी थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, तृणमूल कार्यकर्ताओं पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने और एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता करने का आरोप है। तीन में से दो एफआईआर में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन, हुमायूं कबीर और बैश्वानर चटर्जी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम