×

कोलकाता पुलिस ने अभिषेक बनर्जी को भेजा समन, अवैध होर्डिंग विवाद में 1 सितंबर को तलब

 

कोलकाता, 29 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी को अवैध होर्डिंग हटाने से जुड़े मामले में समन जारी किया है। शनिवार रात पुलिस ने उनके कालीघाट रोड स्थित आवास पर नोटिस पहुंचाया और उन्हें 1 सितंबर को दोपहर 12 बजे शेक्सपियर सरणी थाने में पेश होने के लिए कहा है।

यह मामला मध्य कोलकाता के कैमैक्सी स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय की छत पर लगे कथित अवैध होर्डिंग को हटाने के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। गुरुवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और पुलिस की टीम जब होर्डिंग हटाने पहुंची थी, तब कथित तौर पर टीएमसी समर्थकों ने कार्रवाई का विरोध किया था।

इस घटना के बाद शेक्सपियर सरणी थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गईं। इनमें से दो एफआईआर में अभिषेक बनर्जी के साथ राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन समेत कई वरिष्ठ टीएमसी नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

आरोप है कि संबंधित नेताओं और समर्थकों ने सरकारी अधिकारियों को उनके कर्तव्य पालन से रोकने की कोशिश की। एफआईआर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट और एक महिला अधिकारी की मर्यादा भंग करने के प्रयास जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

मामले की जांच के तहत पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंदा ने कहा कि अधिकारियों को अपना काम करने से रोका गया और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस विवाद के बाद शुरू की गई कार्रवाई में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी