×

भारी बारिश से कर्नाटक के शिवमोग्गा में भूस्खलन, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

 

शिवमोग्गा, 2 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले के तीर्थहल्ली तालुक में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक अस्थायी झोपड़ी मलबे में दब गई, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें तीन साल का एक बच्चा भी शामिल है। यह हादसा रविवार तड़के हुआ।

जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार तड़के करीब 2:30 बजे तीर्थहल्ली के इंदिरा नगर में हुई। मलनाड क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया। भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मिट्टी और चट्टानें उस झोपड़ी पर आ गिरीं, जहां मजदूरी करके लौटे परिवार के सदस्य सो रहे थे।

मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (30), नागवेणी (27) और उनके तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। यह परिवार कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कक्करागोल गांव से यहां मजदूरी करने आया था।

वहीं, मलबे में फंसे एक अन्य घायल मजदूर हनुमंथ को अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। उसे तीर्थहल्ली के जयचामराजेंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि उसे उचित चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। वहीं, पास की एक अन्य झोपड़ी में रह रहे कुछ लोग भी घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बाहर निकाले गए।

यह घटना तीर्थहल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है। अधिकारी लगातार हो रही बारिश के प्रभाव का आकलन कर रहे हैं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

गौरतलब है कि मानसून की भारी बारिश के कारण पश्चिमी घाट क्षेत्र में गंभीर भूस्खलन और ट्रेन सेवाओं में बाधा आई है। मंगलुरु और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से जनहानि के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हुआ है।

शनिवार रात येडकुमारी और श्रीवागिलु रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर हुए भूस्खलन के बाद रविवार को मंगलुरु और यशवंतपुर के बीच ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं।

रेलवे की राहत सामग्री लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन प्रभावित स्थल पर पहुंच गई है।

बता दें कि इससे पहले 1 जुलाई की तड़के मंगलुरु के कंकनाडी नागोरी इलाके में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से एक मकान ढह गया था। इस हादसे में एक महिला और दो किशोरियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी।

वहीं, एक पुरुष और दो किशोरियों सहित तीन अन्य लोगों को स्थानीय निवासियों और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने मलबे से सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था।

--आईएएनएस

एसएके/एएस