×

उत्तरी अफगानिस्तान में सड़क हादसा: दो वाहन भिड़े, तीन की मौत

 

काबुल, 4 मई (आईएएनएस)। उत्तरी अफगानिस्तान के फरयाब प्रांत में एक यात्री वाहन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में तीन यात्रियों की मौत हो गई। प्रांतीय पुलिस ऑफिस ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

प्रांतीय पुलिस कार्यालय के मुताबिक, यह हादसा रविवार शाम को अंखोय जिले के बाहरी इलाके में हुआ। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि मारे गए लोग एक हाई स्पीड वाहन में सफर कर रहे थे।

अधिकारियों ने और जानकारी नहीं दी, लेकिन कहा कि जांच जारी है।

अफगानिस्तान के खतरनाक हाईवे पर जानलेवा हादसे की ये एक नई कड़ी है।

अप्रैल 2026 में ही करीब 12 लोगों की अलग-अलग हादसों में मौत हो गई जबकि 80 से ज्यादा घायल हो गए थे। अधिकारी अक्सर खस्ताहाल सड़क, वाहन चालकों की लापरवाही, तेज रफ्तार और सुरक्षा उपायों की कमी को ऐसे बार-बार होने वाले हादसे की वजह बताते हैं।

गुरुवार को ही, नॉर्थ-ईस्ट बदख्शां प्रांत में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह यात्री मारे गए थे और 25 अन्य घायल हो गए थे।

26 अप्रैल को, स्थानीय मीडिया आउटलेट टोलोन्यूज ने बताया कि दक्षिणी अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा प्रांत के खानशिन जिले के बाहरी इलाके में हुआ, जिसमें दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

10 अप्रैल को पूर्वी अफगानिस्तान के लोगर प्रांत में एक वाहन रिहायशी घर से जा भिड़ा था। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए थे।

प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता मावलवी अहमदुल्ला अनस ने कहा कि दुर्घटना प्रांतीय राजधानी पुल-ए-आलम के बाहरी इलाके में घटी और इसका कारण भी चालक की लापरवाही थी।

इसी तरह, 8 अप्रैल को पड़ोसी नंगरहार प्रांत में एक अलग घटना में हुई सड़क दुर्घटना का शिकार एक शख्स बना और 35 इसमें घायल हो गए। प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता खालिद सरहदी ने बताया कि 3 अप्रैल को पूर्वी अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में एक यात्री बस ओपरस्पीड के कारण सड़क से नीचे उतर आई और इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए।

यह जानलेवा हादसा 3 अप्रैल को काराबाग जिले की मुख्य सड़क पर हुआ था।

अफगान पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि, पिछले साल अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी बदख्शां प्रांत में सड़क दुर्घटनाओं में ही 136 लोग मारे गए थे। ये भयावह आंकड़े देश सड़क सुरक्षा की मौजूदा चुनौतियों को दर्शाते हैं।

--आईएएनएस

केआर/