☰
×

यूपी : अमेठी में धर्मांतरण गतिविधियों के आरोप में दस लोग गिरफ्तार

 

अमेठी, 23 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अमेठी में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने लोगों को चिकित्सा सहायता और शिक्षा के अवसर देने का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने में मदद की।

कमरौली थाना क्षेत्र में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने की गतिविधियों को लेकर निवासियों की शिकायत के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोप है कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा के अवसरों जैसे कई तरह के लाभ देने का लालच देकर उनका धर्म बदलने के लिए उकसाया जा रहा था।

इस मामले के सिलसिले में मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ ​​जूलियन समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान, मौके से धर्म परिवर्तन से जुड़ी चार किताबें भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी 'रिवाइवल चर्च' नाम से चल रहे एक संगठन का इस्तेमाल लोगों तक पहुंचने और उन्हें तरह-तरह की सुविधाएं व लाभ देने का वादा करके धर्म परिवर्तन के लिए मनाने के लिए कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवनन टी. ने आईएएनएस से ​​बातचीत में बताया कि पुलिस को स्थानीय निवासियों से जानकारी मिली थी कि इलाके में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन की गतिविधियां चलाई जा रही थीं।

एसपी ने कहा, "कमरौली थाना क्षेत्र में कुछ स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि अमेठी जिले में कुछ बाहरी लोग आए हैं और वे प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है।"

उन्होंने आगे बताया कि पुलिस की जांच के दौरान कुछ लोग लगभग 20 से 25 स्थानीय निवासियों की भीड़ को उपदेश देते हुए पाए गए।

सरवनन टी. ने बताया, "जांच में पता चला कि पकड़े गए 10 लोगों में से 5 महाराष्ट्र, 2 उत्तराखंड, 1 आजमगढ़ और 1 ओडिशा से थे, जबकि बाकी एक शख्स अमेठी जिले का ही रहने वाला है।"

पुलिस आरोपियों की कथित भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के हिस्से के रूप में बरामद किताबों और अन्य सामग्रियों की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम