×

तेलंगाना में ऑटो चालकों से हड़ताल वापस लेने की अपील, किराया बढ़ाने की मांग पर बनेगी समिति: परिवहन मंत्री

 

हैदराबाद, 23 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर गौड़ ने राज्यभर के ऑटो रिक्शा चालकों से रविवार आधी रात से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस लेने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ऑटो चालकों की सभी जायज मांगों, विशेषकर किराया बढ़ाने के मुद्दे, पर चर्चा के जरिए समाधान निकालेगी।

सिद्दीपेट जिले में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा, "समस्याओं का समाधान हड़ताल से नहीं, बल्कि बातचीत से निकलता है। सरकार ऑटो कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह तैयार है।"

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ऑटो चालकों के लिए वेलफेयर बोर्ड का गठन कर रही है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल ऑटो को इलेक्ट्रिक ऑटो में बदलने (रेट्रोफिटिंग) के लिए प्रति ऑटो 1.50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की नई योजना भी लाई जा रही है।

मंत्री ने कहा कि ऑटो किराए में वर्ष 2015 के बाद कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, वाहन की लागत और रखरखाव के खर्च को देखते हुए सरकार किराए की समीक्षा के लिए एक विशेष समिति बनाएगी। इस समिति में ऑटो यूनियनों के प्रतिनिधि, परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित पक्ष शामिल होंगे।

पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि हैदराबाद में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ऑटो चालकों पर आर्थिक बोझ घटाने के लिए सरकार इलेक्ट्रिक ऑटो को बढ़ावा दे रही है। पुरानी ऑटो स्क्रैप कर नई इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने वालों को भी सरकारी सहायता दी जाएगी। सरकार चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल, डीजल और गैस ऑटो की जगह इलेक्ट्रिक ऑटो को बढ़ावा देना चाहती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के ऑटो चालकों की समस्याओं पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ऐसी नीति तैयार की जा रही है, जिससे उन्हें अधिक लाभ मिल सके।

परिवहन मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिस तरह सरकार ने रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (आरटीसी) कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया, उसी तरह ऑटो चालकों की वैध मांगों का भी समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि राशन कार्ड, मुफ्त बिजली, मुफ्त बस यात्रा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र ऑटो चालक परिवारों तक पहुंचाने के लिए भी सरकार कदम उठाएगी।

--आईएएनएस

डीएससी