×

पिछली सरकारों की बेहतरीन नीतियों को अपना रहे हैं : तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी

 

हैदराबाद, 15 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में ज्यादा निवेश लाने के लिए पिछली सरकारों की बेहतरीन नीतियों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चंद्रबाबू नायडू (1994–2004) और वाई.एस. राजशेखर रेड्डी (2004–2014) की पिछली सरकारों के साथ-साथ 2014 से दिसंबर 2023 तक रही बीआरएस सरकार की नीतियों को भी आगे बढ़ा रही है।

वह महबूबनगर जिले के दिवितिपल्ली में अमारा राजा गीगा कॉरिडोर में अमारा राजा की ईवी सेल मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार पिछली सरकारों की बेहतरीन नीतियों और तौर-तरीकों को अपना रही है, क्योंकि वह 'पॉलिसी पैरालिसिस' की स्थिति से बचना चाहती है। उनकी सरकार ने 'तेलंगाना राइजिंग 2047' पहल के तहत मुख्य रूप से उद्योग, पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए कई नीतियां शुरू की हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार कर रही है। उद्योग स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचा बहुत जरूरी है, इसलिए सरकार पारदर्शी नीतियां बनाकर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेलंगाना राष्ट्रीय जीडीपी में 5 प्रतिशत का योगदान दे रहा है, जो संतोषजनक नहीं है। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय जीडीपी में तेलंगाना की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 10 प्रतिशत करना और 2034 तक तेलंगाना को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तथा 2047 तक तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि वे जल्द ही महबूबनगर जिले के लोगों के साथ अच्छी खबर साझा करेंगे।

उन्होंने कहा कि पालमुरु-रंगारेड्डी लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए 90 टीएमसी पानी और डिंडी परियोजना के लिए 30 टीएमसी पानी के आवंटन को लेकर बातचीत पहले से ही चल रही है।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जिन किसानों ने अमारा राजा कंपनी को अपनी जमीन दी है, उन्हें नई ईवी सेल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में नौकरी दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने चीन, जापान, जर्मनी और कोरिया से प्रेरणा लेने के लिए अमारा राजा की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि ईवी सेक्टर में चीन के साथ प्रतिस्पर्धा करना अमारा राजा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि यूनिट में 700 कर्मचारी काम करते हैं, जिनमें से 400 महिलाएं हैं। यह महिला सशक्तीकरण का एक उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल नीनो के असर से बारिश कम हो रही है, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। कोविड-19 महामारी के बाद से जलवायु में काफी बदलाव आए हैं। प्रदूषण कम करने की जरूरत है और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन बहुत जरूरी हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम