तेलंगाना भाजपा ने 'भारत समिट' में आए विदेशी प्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
हैदराबाद, 16 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा इकाई ने सोमवार को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) में एक शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों द्वारा की गई उन टिप्पणियों को लेकर है, जिन्हें भाजपा ने उत्तेजक राजनीतिक बयान करार दिया है।
भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने 'फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर' से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव कर रहे थे। उन्होंने 12 से 14 नवंबर तक आयोजित एक सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए भारत-विरोधी बयानों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
रामचंद्र राव ने मीडिया को बताया कि इटली से आए यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने भारत समिट में हिस्सा लिया और भारत-विरोधी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उसने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। यह वही नारा है जिसे कांग्रेस पार्टी गलत तरीके से पेश कर रही है और इसी व्यक्ति ने उसे दोहराया। उसने जानबूझकर ऐसा बयान दिया। इससे साफ है कि उसने हमारे देश के आंतरिक मामलों में दखल दिया है।
भाजपा नेता ने कहा कि वीजा नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति जिस देश में जा रहा है, उसके खिलाफ कुछ नहीं बोल सकता, लेकिन अफसोस की बात है कि इस व्यक्ति ने भारत सरकार और भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बयान दिया।
उन्होंने बताया कि जब इटली से आए इस वक्ता ने ऐसी टिप्पणी की तो विपक्ष के नेता राहुल गांधी तालियां बजा रहे थे और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हंस रहे थे। उन्हें यह एहसास तक नहीं हुआ कि यह भारत का अपमान है।
रामचंद्र राव ने 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट' के तहत फिलिबेक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि इस कानून की धारा 23 के तहत अगर कोई विदेशी भारत आकर भारत के खिलाफ बयान देता है या भारत के हितों के खिलाफ काम करता है तो उसे तीन साल की सजा हो सकती है।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि सरकार न केवल इस व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करे, बल्कि उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करे जिन्होंने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। ये आयोजक भी उतने ही जिम्मेदार हैं, क्योंकि इन्होंने ही इन विदेशी तत्वों को यहां बुलाया और उन्हें भारतीय धरती पर भारत के खिलाफ बोलने का मौका दिया। इसलिए हमारा मानना है कि जिन्होंने यह बैठक आयोजित की, वे भी इस देशद्रोह में बराबर के भागीदार हैं।
भाजपा नेता ने बताया कि इटली से आया, वह व्यक्ति भारत-विरोधी बयान देने के बाद वहां से भाग गया। उन्होंने मांग की कि उसे वापस भारत बुलाया जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी, दोनों को देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि एक ऐसे व्यक्ति ने देशद्रोही हरकत की है जिसका इस देश से कोई लेना-देना नहीं है।
रामचंद्र राव ने 'भारत समिट' के आयोजकों की जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों के बैकग्राउंड की जांच होनी चाहिए, क्योंकि "हमें लगता है कि इन सभी लोगों को जॉर्ज सोरोस से फंडिंग मिली थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वे लोग भारत में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के मकसद से इस समिट में शामिल हुए थे।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी