×

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने अभिनेता चिरंजीवी से की मुलाकात, मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

 

हैदराबाद, 22 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सोमवार को हैदराबाद में मशहूर अभिनेता चिरंजीवी से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तिका भेंट की।

भाजपा नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 'विकास, विश्वास और जन कल्याण' के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने मेगास्टार और पद्म विभूषण से सम्मानित चिरंजीवी के घर जाकर उनसे मुलाकात की।

रामचंदर राव ने कहा कि उन्होंने चिरंजीवी को मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और कार्यों की जानकारी देने वाली पुस्तिका सौंपी। इस दौरान फिल्मों और राष्ट्र निर्माण पर भी सार्थक चर्चा हुई।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 'सेवा काल' भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह मुलाकात 'विशेष जन संपर्क अभियान' के तहत की गई थी।

रामचंदर राव ने प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की विकास, सुशासन और जनकल्याण की प्रतिबद्धता को भी विस्तार से बताया। इस बैठक में तेलंगाना भाजपा के महासचिव टी. वीरेन्द्र गौड़ और राज्य सचिव भारत प्रसाद व बंडारू विजयलक्ष्मी भी मौजूद थे।

इसी अभियान के तहत रामचंदर राव ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के अध्यक्ष बी.आर. नायडू से भी मुलाकात की और उन्हें भी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका दी।

भाजपा नेता ने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को विकास और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ाया है। इससे पहले रविवार को रामचंदर राव ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को एक खुला पत्र लिखकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने का समय मांगने की बात कही थी, ताकि कांग्रेस द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की मांग रखी जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस पर जवाब नहीं देते हैं तो यह तेलंगाना और उसके लोगों के साथ कांग्रेस की 'बड़ी धोखाधड़ी' को साबित करेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी