तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों तक यूनिट का विस्तार करेंगे धनुष, 2027 के स्थानीय चुनावों पर भी नजर
चेन्नई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता धनुष ने तमिलनाडु की राजनीति में अपनी संभावित एंट्री को लेकर चर्चाओं के बीच अपने वेलफेयर यूनिट 'नरपनी इयक्कम' का विस्तार राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों तक करने की योजना बनाई है। उन्होंने यूनिट के पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी स्थापित करें, ताकि राज्यभर में उनके समर्थक यूनिट से जुड़ सकें और उसकी गतिविधियों में हिस्सा ले सकें।
यूनिट से जुड़े पदाधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इसके 58 यूनिट जिले हैं, जिन्हें बढ़ाकर 100 से ज्यादा करने की तैयारी है। इसके तहत तमिलनाडु के सभी 38 राजस्व जिलों में यूनिट का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, यूनिट ने 2027 में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में संभावित उम्मीदवारों के तौर पर पदाधिकारियों और समर्थकों की पहचान करने को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी है।
हालांकि, धनुष ने अभी तक राजनीति में उतरने या अपने यूनिट के जरिए चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन यूनिट के विस्तार के लिए विधानसभा क्षेत्रों को आधार बनाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
यह पहल धनुष की ओर से अक्टूबर में आयोजित दो बैठकों के बाद शुरू हुई है। पहली बैठक 14 अक्टूबर को कोयंबटूर में हुई थी, जहां उन्होंने जिला पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। इसी बैठक में उन्होंने अपने फैन क्लब को औपचारिक रूप से एक वेलफेयर यूनिट में बदलने का ऐलान किया था। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों को उन विधानसभा क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए थे, जहां अभी कोई यूनिट नहीं है। साथ ही, पहले से मौजूद यूनिट्स को और मजबूत करने के लिए भी कहा था। धनुष ने यूनिट में महिला विंग को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए थे।
इसके बाद 25 अक्टूबर को चेन्नई में ओल्ड महाबलीपुरम रोड स्थित एक निजी कॉलेज में यूनिट के पदाधिकारियों की दूसरी बैठक हुई, जिसमें महिला समर्थकों की पहचान कर उन्हें यूनिट से जोड़ा था, ताकि महिला विंग को मजबूत बनाया जा सके।
धनुष के राजनीति में आने की संभावनाओं पर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के मंत्रियों, डीएमके के वरिष्ठ नेताओं और एआईएडीएमके के पूर्व मंत्रियों की ओर से भी प्रतिक्रियाएं सामने आ चुकी हैं। यूनिट से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि राज्य की राजनीति में एक और राजनीतिक ताकत के लिए जगह है। फिलहाल टीवीके ने खुद को डीएमके के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के तौर पर पेश किया है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम