×

तमिलनाडु : भारतीराजा का आज राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम संस्कार

 

चेन्नई, 11 जून (आईएएनएस)। तमिल सिनेमा को अपनी अनूठी फिल्मों के जरिए नई दिशा देनेऔर ग्रामीण जीवन को कहानी के केंद्र में स्थापित करने वाले फिल्म मेकर भारतीराजा का गुरुवार को थेनी जिले के वथलागुंडु के पास स्थित उनके फार्महाउस में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

प्रख्यात फिल्म निर्देशक का बुधवार को चेन्नई में उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण निधन हो गया। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत, राजनीतिक नेताओं और देशभर में उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को चेन्नई स्थित भारतीराजा के आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

तमिल सिनेमा और संस्कृति के क्षेत्र में भारतीराजा के अतुलनीय योगदान को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। दिनभर उनके आवास पर राजनीतिक नेताओं, अभिनेताओं, फिल्म निर्माताओं और आम लोगों का तांता लगा रहा, जहां सभी ने दिग्गज निर्देशक को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में डीएमके नेता एम.के. स्टालिन, उदयनिधि स्टालिन, मंत्री एन. आनंद, आर. निर्मल कुमार और राजमोहन शामिल रहे। इसके अलावा, अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन, शिवकुमार, विजयकुमार और राधा रवि, संगीतकार इलैयाराजा, कवि-गीतकार वैरामुथु व निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर और के. भाग्यराज ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पत्रकारों से बातचीत में वैरामुथु ने बताया कि भारतीराजा के पार्थिव शरीर को गुरुवार को थेनी जिले के वथलागुंडु के पास स्थित उनके फार्महाउस में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। हाल के वर्षों में फिल्मकार ने अपना अधिकांश समय इसी फार्महाउस में बिताया था। उन्होंने दिवंगत निर्देशक को राजकीय सम्मान देने के तमिलनाडु सरकार के फैसले के लिए आभार भी व्यक्त किया।

फिल्मकार का पार्थिव शरीर बुधवार रात तक चेन्नई स्थित उनके आवास पर रखा गया, ताकि आम लोग, फिल्म जगत से जुड़े लोग और राजनीतिक नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।

इस बीच, साउथ इंडियन फिल्म एम्प्लॉइज फेडरेशन ने तमिलनाडु में गुरुवार को सभी फिल्म शूटिंग गतिविधियों को सम्मान स्वरूप स्थगित करने की घोषणा की है।

--आईएएनएस

एमटी/