दीपावली पर तमिलनाडु सरकार का तोहफा, 100 रुपए में मिलेगी 10 सब्जियों की विशेष किट
चेन्नई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने दीपावली के लिए सब्जियों का एक विशेष पैकेज पेश किया है। इसमें 10 जरूरी चीजें शामिल हैं और इसकी कीमत सिर्फ 100 रुपए है। इससे उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिन्हें त्योहारों के इस मौसम में खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है।
'वेट्री स्पेशल वेजिटेबल पैकेज' नाम की इस पहल को राज्य सहकारिता विभाग के माध्यम से लागू किया जा रहा है। यह 5 से 7 नवंबर तक तमिलनाडु भर के 218 चुनिंदा सहकारी केंद्रों पर उपलब्ध होगा।
इस योजना की औपचारिक शुरुआत चेन्नई में पूंगा नगर कोऑपरेटिव होलसेल स्टोर के 15वें मेन रोड आउटलेट पर की गई। शहर में चार मोबाइल सब्जी वाहन भी तैनात किए गए हैं, ताकि ये पैकेज ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच सकें।
हर पैकेज में लगभग 2.55 से 2.60 किलोग्राम सब्जियां और खाना पकाने की अन्य जरूरी सामग्री है। इन्हें इस तरह चुना गया है कि एक आम परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो सकें।
100 रुपए की इस किट में 500-500 ग्राम प्याज और टमाटर, 250-250 ग्राम बैंगन और आलू, 200-200 ग्राम गाजर और बीन्स, 100-100 ग्राम हरी मिर्च और नींबू, 50 ग्राम अदरक और 400 से 450 ग्राम वजन का एक नारियल शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि ताजगी और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सब्जियों को साफ-सुथरे माहौल में खरीदा, छांटा, तौला और पैक किया जा रहा है। विभाग का मकसद जरूरी सब्जियां खुले बाजार की कीमतों से कम दाम पर उपलब्ध कराना है। सही वितरण सुनिश्चित करने और एक साथ बहुत ज्यादा खरीदारी रोकने के लिए सरकार ने प्रति व्यक्ति केवल एक पैकेज खरीदने की सीमा तय की है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान सहकारी केंद्रों के सामान्य कामकाज के समय में ये किट उपलब्ध रहेंगी। भाग लेने वाले केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक का इंतजाम किया गया है। साथ ही, जिलास्तरीय सहकारी समन्वयकों और क्षेत्रीय अधिकारियों को वितरण की निगरानी करने और बिना किसी रुकावट के आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने अधिकारियों से यह भी कहा है कि वे खरीद केंद्रों और खुदरा बिक्री केंद्रों के बीच अच्छा तालमेल रखें, ताकि त्योहारों की खरीदारी के दौरान सब्जियों की कोई कमी न हो।
इस विशेष पहल का उद्देश्य दीपावली से पहले खाना पकाने की जरूरी चीजों पर होने वाले घरेलू खर्च को कम करना है क्योंकि इस दौरान सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है।
सहकारिता विभाग ने तमिलनाडु के सभी निवासियों से अपील की है कि वे 7 नवंबर को इस विशेष बिक्री के खत्म होने से पहले, सब्सिडी वाले इन पैकेजों का लाभ उठाएं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी