कठुआ में एनसीबी की चेकपोस्ट पर संदिग्ध ने की फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
जम्मू, 29 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में रविवार को विशेष जांच अभियान के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम पर एक संदिग्ध ने गोलीबारी की। घटना के बाद एनसीबी टीम ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
यह घटना कठुआ में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कलिबारी के पास सहार ब्रिज इलाके में हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों के मुताबिक, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी की टीम ने सहार ब्रिज पर विशेष नाका लगाया था। टीम का उद्देश्य संदिग्ध नशीले पदार्थों के तस्करों को रोकना था।
जांच के दौरान टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रुकने का संकेत दिया। हालांकि, वाहन में सवार एक व्यक्ति ने रुकने के बजाय एनसीबी कर्मियों पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की।
एनसीबी टीम ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके पर काबू कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा संदिग्ध अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कठुआ थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फरार आरोपी की तलाश के लिए जिले और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस ने वाहनों की जांच तेज कर दी है। गोलीबारी की घटना और संदिग्धों के नशीले पदार्थों से जुड़े होने की आशंका को लेकर आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
डीएससी