डीएमजेड धमाका: दक्षिण कोरिया का दावा, 'जमीन के नीचे दबाई गई थी लैंड माइन'
सियोल, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री कांग शिन-चुल ने मंगलवार को कहा कि पिछले हफ्ते डिमिलिटराइज्ड जोन (डीएमजेड) में धमाके की जगह पर मिली उत्तर कोरियाई लैंड माइन को जमीन के नीचे दबा कर रखा गया था।
कांग का यह बयान तब आया है जब दक्षिण कोरियाई सेना को मंगलवार को दोनों कोरिया को अलग करने वाली मिलिट्री डिमार्केशन लाइन (एमडीएल) के दक्षिण में 21 सितंबर को हुए धमाके वाली जगह के पास उत्तर कोरिया का एक 'रेजिन एंटी-पर्सनल माइन' मिला। उस घटना में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आईं।
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य विपक्षी पार्टी के सांसद यू योंग-वोन के सवाल का जवाब देते हुए कांग ने कहा, "(यह) जमीन में दबा हुआ था।" सांसद ने पूछा था कि क्या लैंड माइन जमीन में दबा हुआ था या वह बहकर आया था।
सांसद ने आगे कहा कि क्या उन्हें लगता है कि यह माइन जानबूझकर उत्तर कोरिया ने लगाया था, तो उन्होंने कहा, "अनुमान है कि प्योंगयांग की सीमा को मजबूत करने के इरादे से इसे (उत्तर कोरियाई लैंड माइन के) प्लांट किया गया होगा।"
यह देखते हुए कि कई माइन एक-दूसरे से लगभग 1-2 मीटर की दूरी पर लगाए गए थे, कांग ने यह भी कहा कि लैंड माइन के बहकर आने की संभावना "बहुत कम" थी।
इससे पहले दिन में, रक्षा प्रमुख ने कहा था कि डीएमजेड में धमाके वाली जगह पर या उसके आस-पास कम से कम चार माइन लगाए गए थे।
इस सवाल पर कि क्या उन्हें यकीन है कि पिछले हफ्ते हुए धमाके का कारण उत्तर कोरिया द्वारा लगाए गए लैंड माइन थे, रक्षा प्रमुख ने जवाह "हां" में दिया।
सोमवार को यूनाइटेड नेशंस कमांड (यूएनसी) के साथ मिलकर उस जगह का निरीक्षण करने के बाद, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) ने कहा कि पिछले हफ्ते हुए धमाके का कारण उत्तर कोरियाई लैंड माइन होने की "बहुत ज्यादा संभावना" है।
सेना ने पिछले दिनों कहा था कि धमाके वाली जगह पर कुल तीन माइन दबाए गए थे—जिनमें वे दो भी शामिल हैं जिनमें विस्फोट हुआ था। यह बात सैनिकों के बयानों पर आधारित थी, जिन्होंने बताया था कि उस इलाके से पीछे हटते समय उन्होंने एक बिना फटा हुआ लैंड माइन देखा था।
यह धमाका दक्षिण कोरियाई सेना और यूएनसी के बीच संयुक्त निरीक्षण के लिए रास्ता साफ करने के ऑपरेशन के दौरान हुआ था। इस निरीक्षण का मकसद सोल के उस शक की पुष्टि करना था कि प्योंगयांग ने 1950-53 के कोरियाई युद्ध को रोकने वाले समझौते का उल्लंघन करते हुए सीमा पार अवैध रूप से लैंड माइन दबाए थे।
एक सांसद की इस टिप्पणी पर कि हालिया धमाका युद्धविराम समझौते का उल्लंघन था, कांग ने सहमति जताई। उन्होंने अपना पुराना वादा दोहराया कि अगर यह पुष्टि हो जाती है कि धमाका उत्तर कोरियाई सैनिकों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों (लैंड माइन्स) की वजह से हुआ है, तो वे "उचित कदम" उठाएंगे।
उन्होंने कहा, "यह साफ तौर पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है और इसकी जिम्मेदारी उत्तर कोरिया की है, इसलिए हम उचित कदम उठाएंगे।" हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इन कदमों में क्या शामिल होगा?
उन्होंने आगे कहा, "अगर पुष्टि हो जाती है, तो हम यूएनसी और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सहयोग करेंगे और जिम्मेदार लोगों को साफ तौर पर जवाबदेह ठहराएंगे।"
--आईएएनएस
केआर/