दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में मृत पाए गए कई पक्षी: एच5 बर्ड फ्लू की आशंका, सी लायन पर भी मंडराया खतरा
कैनबरा, 1 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण ऑस्ट्रेलिया (साउथ ऑस्ट्रेलिया) राज्य में 80 से अधिक 'ग्रेटर क्रेस्टेड टर्न' पक्षियों के मृत और बीमार पाए जाने के बाद अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि ये पक्षी एच5 एवियन इन्फ्लुएंजा से संक्रमित हो सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) की शनिवार की रिपोर्ट के अनुसार, यह पता लगाने के लिए परीक्षण किए जा रहे हैं कि पक्षी एवियन इन्फ्लुएंजा के एच5 स्ट्रेन से संक्रमित थे या नहीं।
शुक्रवार को राज्य सरकार की हवाई निगरानी के दौरान केप जाफा से लगभग पांच किलोमीटर दक्षिण स्थित बॉडिन रॉक्स द्वीप पर 49 मृत और 35 बीमार ग्रेटर क्रेस्टेड टर्न पक्षी पाए गए।
राज्य की मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी स्काई फ्रुएन ने कहा कि यह "बहुत कम संभावना" है कि जांच रिपोर्ट एच5 संक्रमण को नकारेगी, हालांकि प्रयोगशाला की अंतिम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में अब तक ऑस्ट्रेलिया के कुल 53 कंफर्म एच5 बर्ड फ्लू मामलों में से 39 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी बेथ कुकसन ने कहा कि कृषि क्षेत्र और आम लोगों के लिए जोखिम अभी भी कम बना हुआ है।
इससे पहले शुक्रवार को एक विशेषज्ञ ने चेतावनी दी थी कि दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में फैल रहा एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा का प्रकोप संकटग्रस्त ऑस्ट्रेलियाई सी लायन तक भी पहुंच जाएगा।
राज्य के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी तट पर एक सीगल में ऑस्ट्रेलिया में पहली बार इस अत्यधिक रोगजनक स्ट्रेन का संदिग्ध मामला सामने आया है।
संक्रमण के मामलों में से एक सील बे में मिला, जहां दुनिया की संकटग्रस्त ऑस्ट्रेलियाई सी लायन आबादी का लगभग पांच प्रतिशत हिस्सा निवास करता है।
एडिलेड विश्वविद्यालय के वन्यजीव पशु चिकित्सक वेन बोर्डमैन ने एबीसी से कहा कि दक्षिण अमेरिका के पिछले अनुभव बताते हैं कि सी लायन और फर सील इस वायरस के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होते हैं।
उन्होंने कहा, "सील बे में पक्षियों में बर्ड फ्लू मिलने का मतलब है कि यह संक्रमण लगभग निश्चित रूप से पक्षियों से सी लायन तक पहुंचेगा।"
एच5एन1 वायरस ने वर्ष 2022 में दक्षिण अमेरिका में छह महीनों के भीतर अनुमानित 30,000 सी लायन की जान ले ली थी। वहीं अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच दक्षिणी महासागर स्थित ऑस्ट्रेलिया के हर्ड द्वीप पर लगभग 13,359 दक्षिणी एलिफेंट सील के बच्चों की भी इस वायरस से मौत हुई थी।
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया सरकार ने बुधवार को सी लायन और अन्य सील प्रजातियों की सुरक्षा के लिए सील बे में बीच टूर अस्थायी रूप से सस्पेंड करने की घोषणा की।
ऑस्ट्रेलिया की कृषि, मत्स्य एवं वानिकी मंत्री जूली कॉलिन्स ने शुक्रवार को कहा कि सरकार विशेषज्ञों के साथ मिलकर वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि अब तक कृषि या पोल्ट्री प्रणाली में वायरस का कोई प्रमाण नहीं मिला है और मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा फिलहाल कम बना हुआ है।
--आईएएनएस
केआर/