☰
×

'पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं', सोनिया गांधी ने बिल क्लिंटन की भारत यात्रा से जुड़े किस्से का किया जिक्र

 

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में दुनिया के कई प्रमुख नेताओं और ब्रिटिश शाही परिवार से जुड़ी दिलचस्प यादें साझा की हैं। इनमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी और ब्रिटेन की दिवंगत राजकुमारी डायना के साथ हुई मुलाकातों के रोचक प्रसंग शामिल हैं।

सोनिया गांधी ने वर्ष 2000 में भारत दौरे पर आए तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का जिक्र करते हुए लिखा कि वह अपनी बेटी चेल्सी और प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली के शेरेटन होटल में ठहरे थे। उन्होंने बताया कि क्लिंटन आत्मविश्वासी, मिलनसार और अनौपचारिक स्वभाव के थे, लेकिन बातचीत के दौरान कश्मीर को लेकर अपने विचार और भविष्यवाणियां साझा करने में अधिक रुचि दिखा रहे थे।

उन्होंने लिखा कि उस समय मोनिका लेविंस्की विवाद कुछ हद तक शांत पड़ चुका था, लेकिन पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं। अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा क्लिंटन के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान उन्होंने देखा कि क्लिंटन समय-समय पर वहां मौजूद कुछ आकर्षक महिलाओं पर चुपके से नजर डाल रहे थे।

फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग साझा करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि वर्ष 2008 के भारत दौरे के दौरान सरकोजी अपनी तत्कालीन साथी कार्ला ब्रूनी को साथ नहीं लाए थे। चर्चा थी कि दोनों विवाह बंधन में नहीं बंधे थे और आधिकारिक कार्यक्रमों में यह असहज स्थिति पैदा कर सकता था।

सोनिया गांधी ने लिखा कि एक भोज के दौरान तत्कालीन उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी की पत्नी ने सरकोजी से हंसी-मजाक में उनकी शादी की योजनाओं को लेकर कई सवाल पूछे। सरकोजी ने भी बिना झिझक अपने प्रेम संबंधों पर खुलकर बात की और बातचीत के दौरान लगातार कार्ला ब्रूनी को फोन पर संदेश भेजते रहे।

कुछ वर्ष बाद दोनों से दोबारा मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि तब तक सरकोजी और ब्रूनी विवाह कर चुके थे। गांधी के अनुसार, कार्ला ब्रूनी की मौजूदगी ने सभी का ध्यान आकर्षित कर लिया था। सोनिया ने उन्हें आकर्षक व्यक्तित्व, सादगी और गरिमा से भरपूर बताया।

संस्मरण में ब्रिटेन की राजकुमारी डायना के साथ हुई मुलाकातों का भी विस्तृत जिक्र है। सोनिया गांधी ने डायना को ब्रिटिश शाही परिवार की सबसे आकर्षक और प्रभावशाली शख्सियत बताया। उन्होंने वर्ष 1981 में प्रिंस चार्ल्स और डायना की शादी की यादों को भी साझा किया।

वर्ष 1992 में भारत दौरे के दौरान डायना और प्रिंस चार्ल्स से मुलाकात का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा कि उस समय उनके वैवाहिक संबंधों में तनाव साफ नजर आ रहा था। इसी दौरे में डायना ने ताजमहल के सामने प्रसिद्ध एकल तस्वीर खिंचवाई थी।

सोनिया गांधी ने एक दिलचस्प प्रसंग का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी मां केवल इतालवी भाषा जानती थीं और उनसे चुप रहने के लिए कहा गया था। जब डायना ने इसका कारण पूछा तो प्रियंका गांधी ने उन्हें स्थिति बताई। यह सुनकर डायना हंस पड़ीं और उन्होंने इतालवी में गांधी की मां का अभिवादन किया।

उन्होंने लिखा कि विदा लेते समय डायना ने विशेष रूप से उनकी मां की ओर हाथ हिलाते हुए इतालवी में "चाओ, नोनना" कहा था, जो उनके आत्मीय स्वभाव का परिचायक था।

सोनिया गांधी ने लंदन में हुई एक अन्य मुलाकात का भी जिक्र किया, जब उन्होंने डायना को एक छोटा-सा नोट भेजा था। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने "Hi" की जगह गलती से "Hye" लिख दिया था। हालांकि तब तक डायना वह नोट अपने पर्स में रख चुकी थीं। गांधी ने इस घटना को मुस्कुराहट के साथ याद किया।

उन्होंने लिखा कि यही उनकी डायना से अंतिम मुलाकात थी। डायना को लेकर उस समय काफी आलोचना होती थी, लेकिन उन्हें हमेशा उनके प्रति सहानुभूति रही और आज भी है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी