कैलिफोर्निया का हिंदू मंदिर फिर निशाने पर, तीन साल में तीसरी बार सेंधमारी
वाशिंगटन, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कैलिफोर्निया के सिलिकॉन वैली स्थित एक हिंदू मंदिर में फिर से सेंधमारी हुई। पिछले लगभग तीन वर्षों में यह तीसरी ऐसी घटना है। इसके बाद, मंदिर प्रबंधन ने भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य रो खन्ना से जांच और सुरक्षा में मदद की अपील की गई है।
सांता क्लारा स्थित 'शिव दुर्गा टेंपल ऑफ बे एरिया' ने भक्तों के लिए एक सार्वजनिक संदेश जारी कर बताया कि रविवार (स्थानीय समयानुसार) तड़के करीब 4 बजे मंदिर में कोई घुस आया। मंदिर प्रशासन ने कहा कि वे स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
नोटिस में कहा गया, "बहुत भारी मन से हम यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि आज तड़के करीब 4 बजे हमारे मंदिर में फिर से कोई घुस आया।"
इसमें आगे कहा गया, " इस तरह की बार-बार होने वाली घटनाओं और चुनौतियों से हम बेहद निराश हैं, लेकिन हमारी आस्था अडिग है। हम फिलहाल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं और हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।"
यह संदेश भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन रितेश टंडन ने 'एक्स' पर साझा किया। टंडन कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ चुके हैं (जिसका प्रतिनिधित्व खन्ना करते हैं), हालांकि वो जीत नहीं पाए थे।
कांग्रेस सदस्य (खन्ना) को संबोधित करते हुए, टंडन ने पूछा कि उनका कार्यालय इस जांच में कैसे मदद कर सकता है और मंदिर को सुरक्षित रखने में क्या सहयोग दे सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि हिंदू मंदिरों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है।
इस रिपोर्ट के लिए पुलिस की ओर से इस ताजा घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं मिल सकी है। मंदिर के नोटिस में यह नहीं बताया गया कि क्या चोरी हुआ या क्या नुकसान पहुंचा, न ही किसी संदिग्ध की पहचान बताई गई और न ही नुकसान की कोई निश्चित राशि बताई गई।
नोटिस के शीर्ष पर लिखा था, "शिव दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष खन्ना जी की ओर से संदेश"।
मंदिर के अध्यक्ष सुनील खन्ना ने भक्तों से शांति बनाए रखने और एक-दूसरे का साथ देने की अपील की, जबकि मंदिर प्रशासन इस घटना का आकलन कर रहा है।
संदेश में कहा गया, "जैसे-जैसे हमें और जानकारी मिलेगी, हम समुदाय को आगे के अपडेट देंगे।"
नोटिस के साथ अपने संदेश में, टंडन ने मंदिर समिति को त्वरित कार्रवाई करने और पुलिस के साथ मिलकर काम करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने भक्तों से आग्रह किया कि वे मंदिर आना जारी रखें और मरम्मत तथा सुरक्षा कार्यों में मदद करें।
इस मंदिर की स्थापना सांता क्लारा काउंटी में हिंदू परिवारों ने की थी। यहां रोजाना प्रार्थना और आरती, बच्चों के लिए धार्मिक शिक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और त्योहारों का आयोजन किया जाता है।
--आईएएनएस
केआर/