☰
×

मनीला के गुरुद्वारे में माथा टेकने पर सिख नेताओं ने पीएम मोदी की सराहना की, बताया- भावुक और गर्व का पल

 

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीपींस की राजधानी मनीला में स्थित गुरुद्वारा खालसा दीवान साहिब में माथा टेकने और गुरुद्वारे के पुनर्विकास की आधारशिला रखने पर सिख भाजपा नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने इसे सिख समुदाय के लिए गर्व और भावुक कर देने वाला क्षण बताया। मनीला दौरे के दौरान पीएम मोदी ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और इसके पुनर्निर्माण परियोजना की आधारशिला भी रखी।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सिख धर्म को समानता और महिला-पुरुष समान अधिकारों पर आधारित धर्म बताते हुए कहा कि दुनिया में कहीं भी अगर 100 साल पुराने किसी गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण और पुनः समर्पण के लिए भारत के प्रधानमंत्री पहुंचते हैं तो इसका सिख समुदाय पर बहुत सकारात्मक असर पड़ता है।

आईएएनएस से बातचीत में पुरी ने कहा कि जब भी इस तरह का कोई कदम उठाया जाता है तो सिखों को इससे 'प्रेरणा' मिलती है।

भाजपा सांसद सतनाम सिंह संधू ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरी सिख बिरादरी के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फिलीपींस गए, लेकिन उन्होंने वहां गुरुद्वारे जाने के लिए भी समय निकाला। उन्होंने बताया कि मनीला का यह 100 साल पुराना गुरुद्वारा अब नए रूप में बनाया जा रहा है।

संधू ने कहा, "वहां नई इमारत बन रही है। प्रधानमंत्री गुरुद्वारे गए, उन्होंने सुखमनी साहिब का पाठ सुना, अरदास में हिस्सा लिया और नई इमारत की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में शामिल हुए। यह खुशी और गर्व की बात है कि विदेश यात्रा के दौरान भी उन्होंने सिख समुदाय के प्रति अपनी श्रद्धा दिखाई।"

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी प्रधानमंत्री की यात्रा को सिख समुदाय के लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण बताया। अपने एक वीडियो संदेश में सिरसा ने कहा, "ये दृश्य बहुत भावुक करने वाले हैं। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मनीला के गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। वहां वह प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक विनम्र सेवादार के रूप में पहुंचे।"

उन्होंने कहा, "यह 100 साल पुराना गुरुद्वारा साहिब है, जिसका पुनर्निर्माण हो रहा है और इसे पांच मंजिला गुरुद्वारे के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी कार सेवा की शुरुआत आधारशिला रखकर की गई। प्रधानमंत्री मोदी वहां सेवादार के रूप में पहुंचे, जो गुरु के प्रति उनकी श्रद्धा और सम्मान को दिखाता है।"

सिरसा ने बिना किसी का नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "एक समय ऐसा भी था जब गुरुद्वारों पर हमले हुए थे और दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) भी इससे अछूता नहीं रहा था।"

उन्होंने आगे कहा, "आज देश का प्रधानमंत्री मनीला के गुरुद्वारे पहुंचा और सेवादार के रूप में आधारशिला कार्यक्रम में योगदान दिया। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।"

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी