☰
×

भारत और नेपाल की मित्रता को म‍िली महत्वपूर्ण गत‍ि : प्रधानमंत्री मोदी

 

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत और नेपाल की दोस्ती को एक नई और मजबूत रफ्तार मिली है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हुए समझौते और फैसले कई क्षेत्रों में दूरगामी असर डालेंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा कि ये उपलब्धियां कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं और दोनों देशों की बड़ी महत्वाकांक्षाओं, मजबूत संकल्प और साझा विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती हैं। इन कदमों से भारत-नेपाल मित्रता को महत्वपूर्ण गति मिली है।

एक अन्य पोस्ट में, बालेंद्र शाह को जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनसे मिलना बेहद सुखद रहा। उन्होंने भरोसा जताया कि इस यात्रा के दौरान हुई बातचीत और लिए गए फैसले व्यापार, कनेक्टिविटी, संस्कृति और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करेंगे।

इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपए के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की।

संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा कि अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वालों के प्रति भारत अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। नेपाल के पुनर्निर्माण और लंबे समय के विकास को नई गति देने के लिए यह सहयोग पैकेज दिया जा रहा है।

इस पैकेज का उद्देश्य बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोशिश यह होगी कि प्रभावित परिवारों का जीवन फिर से सामान्य हो सके, उनके लिए नए अवसर पैदा हों और भविष्य में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की नेपाल की क्षमता भी और मजबूत बने।

दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद भारत और नेपाल ने कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए। ये समझौते फोरेंसिक साइंस, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सैटेलाइट संचार, पारंपरिक चिकित्सा और शहरी विकास सहित कई क्षेत्रों से जुड़े हैं।

एक समझौते के तहत गुजरात के गांधीनगर स्थित 'नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी' और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इसी तरह भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की नेशनल पुलिस अकादमी के बीच भी एक समझौता हुआ है।

इसके अलावा आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों, टिकाऊ शहरी विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों, पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए भी कई समझौते किए गए हैं। इन समझौतों और नए सहायता पैकेज से उम्मीद की जा रही है कि भारत और नेपाल के बीच साझेदारी मजबूत होगी तथा दोनों देशों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम