×

'एन्ना विलाई' में ग्रामीण लड़की बनीं शाशा शिवकुमार, बोलीं- 'मणिमेगलई का किरदार बेहद खास रहा'

 

चेन्नई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शाशा शिवकुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'एन्ना विलाई' को लेकर काफी चर्चाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन सजीव पझूर कर रहे हैं। फिल्म में वह मणिमेगलाई के किरदार में नजर आएंगी। अपनी भूमिका को लेकर शाशा ने कहा कि वह पहली बार पर्दे पर एक ग्रामीण लड़की का किरदार निभा रही हैं, जिसके लिए उन्हें पहले से काफी तैयारी करनी पड़ी।

शाशा शिवकुमार ने कहा, ''मणिमेगलई मेरे दिल के काफी करीब है। यह पहली बार है जब मैं किसी ग्रामीण लड़की का किरदार निभा रही हूं। मैंने सेट पर जाने से पहले ही खुद को इस भूमिका के लिए तैयार करना शुरू कर दिया था। मैंने किरदार को समझा और उसके स्वभाव को पकड़ने की कोशिश की। यह मेरे लिए बिल्कुल अलग तरह का अनुभव रहा। मैं खुश हूं कि 'एन्ना विलाई' के जरिए मुझे ऐसा मौका मिला।''

शाशा ने फिल्म के लीड एक्टर करुणास और निमिषा सजयन के साथ काम करने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा, ''करुणास शानदार अभिनेता हैं। उनके साथ काम करना अपने आप में सीखने वाला अनुभव था। वहीं, निमिषा सजयन काफी मेहनती और टैलेंटेड हैं। जब कोई कलाकार करुणास और निमिषा जैसे एक्टर्स के साथ काम करता है तो उसके ऊपर खुद अच्छा प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। ऐसे कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करने से आप अपने काम को लेकर और ज्यादा सतर्क और जिम्मेदार हो जाते हैं।''

निर्देशक सजीव पझूर के साथ काम करने को लेकर भी शाशा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''सजीव सेट पर हर किसी के साथ सम्मान से पेश आते थे। उनके इस व्यवहार से सेट पर अच्छा माहौल बना रहता था। मेरे लिए यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास रहा क्योंकि यह मेरा पहली बार किसी मलयालम टीम के साथ काम करने का अनुभव था। पूरी टीम के साथ काम करना काफी कुछ नया सिखाने वाला पल रहा।''

'एन्ना विलाई' की कहानी भी आम फिल्मों से अलग और सामाजिक मुद्दे से जुड़ी हुई है। फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की है, जो रामेश्वरम के पास समुद्र में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले सिक्कों को निकालकर अपना गुजारा करता है। वह अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ सम्मान के लिए भी संघर्ष करता है। उसकी यही लड़ाई आगे चलकर एक बड़ी कानूनी जंग का रूप लेती है। फिल्म इसी सफर के जरिए गरीबी, सम्मान और अपने हक के लिए लड़ने जैसे मुद्दों को सामने लाती है।

फिल्म में शाशा शिवकुमार के साथ करुणास और निमिषा सजयन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण कलामाया फिल्म्स के बैनर तले गीतेश वी ने किया है। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 17 सितंबर को रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम