×

शबाना आजमी ने शेयर की विक्की कौशल की अनदेखी फोटो, बातचीत के दौरान 'ब्लश' करते दिखे एक्टर

 

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी ने मंगलवार रात अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें उनके साथ अभिनेता विक्की कौशल नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में दोनों हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में बातचीत करते दिख रहे हैं।

शबाना कुछ ऐसा कहती नजर आ रही हैं, जिसे सुनकर विक्की शरमा जाते हैं और मुस्कुराने लगते हैं। तस्वीर में शबाना आजमी गुलाबी रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं। उन्होंने बालों में फूल भी लगाया हुआ है। वहीं, विक्की कौशल टक्सीडो पहनकर बेहद स्मार्ट दिख रहे हैं।

इस पुरानी तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए शबाना ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मैं ऐसा क्या कह रही थी कि तुम इतने शरमा गए?"

अगर विक्की कौशल के करियर की बात करें, तो उन्होंने साल 2015 में निर्देशक नीरज घायवान की फिल्म 'मसान' से मुख्य अभिनेता के रूप में पहचान बनाई थी। इस फिल्म का प्रीमियर कान्स फ़िल्म फेस्टिवल में हुआ था और इसे समीक्षकों से काफी तारीफ मिली थी।

इसके बाद 'राजी', 'संजू', 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'सरदार उधम सिंह', 'सैम बहादुर' और हाल ही में आई 'छावा' जैसी फ़िल्मों ने उन्हें कई अवॉर्ड्स दिलाए और इंडस्ट्री में एक बेहतरीन और वर्सेटाइल एक्टर के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाने में मदद की।

विक्की कौशल ने 9 दिसंबर 2021 को अभिनेत्री कैटरीना कैफ से राजस्थान में शादी की थी। नवंबर 2025 में दोनों एक बेटे के माता-पिता बने।

वहीं, शबाना आजमी पिछले पांच दशकों से हिंदी सिनेमा में सक्रिय हैं और उन्हें भारतीय सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में गिना जाता है। उन्होंने निर्देशक श्याम बेनेगल की फिल्म 'अंकुर' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'अर्थ', 'मंडी', 'पार', 'फ़ायर', 'मासूम' और कई अन्य फिल्मों में यादगार परफ़ॉर्मेंस दीं, जिनके लिए उन्हें कई नेशनल अवॉर्ड्स मिले।

शबाना आज़मी की शादी मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर से हुई है।

--आईएएनएस

एएस/