×

ममता बनर्जी ने बंगाल चुनावों से पहले टीएमसी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का जताया अंदेशा

 

कोलकाता, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आशंका जताई कि चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ( टीएमसी ) के कई कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर गिरफ्तार किया जाएगा।

सीएम ने बीरभूम जिले के मुरारई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कई लोगों को गिरफ्तार करने की योजना बनाई है। मेरे पास उनकी लिस्ट है। मैं एक-एक इंच के लिए लड़ूंगी। उन्होंने सिर्फ टीएमसी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया है।

ममता बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक नेता बीरभूम जिले से चुनाव लड़ रहा है। उसने कोयला तस्करी से करोड़ों रुपए कमाए हैं। मैं शिष्टाचार के नाते उसका नाम नहीं ले रही हूं, लेकिन भाजपा गुंडों की पार्टी है।

हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणियां साफ तौर पर भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) पर निशाना थीं, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस ने पहले कलकत्ता हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर आशंका जताई थी कि चुनावों से पहले पार्टी के 800 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा सकता है और यह सब कथित तौर पर ईसीआई के निर्देशों पर किया जा रहा है।

इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र सरकार, केंद्रीय एजेंसियों के जरिए उस एजेंसी को भी पश्चिम बंगाल में निष्क्रिय करने की कोशिश कर रही है।

दरअसल, आई-पैक पिछले कुछ साल से तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति एजेंसी के तौर पर काम कर रही है।

सीएम ने कहा कि आपके पास काम करने के लिए इतनी सारी एजेंसियां हैं। मेरे पास सिर्फ एक है। फिर भी आप उसे पश्चिम बंगाल से चले जाने के लिए कह रहे हैं। आपको शर्म आनी चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावों के लिए पश्चिम बंगाल में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में हेरफेर करने का काम सौंपा गया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मेरे पास इस बारे में पक्की जानकारी है। जो लोग मतगणना के दौरान वहां मौजूद रहेंगे, उन्हें इस पर नजर रखनी चाहिए।

उन्‍होंने कहा कि अगर किसी को 100 वोट मिलते हैं, तो वे कंप्यूटर में पांच ही दर्ज करेंगे। इसलिए, जब तक वोट कंप्यूटर में दर्ज नहीं हो जाते, तब तक किसी को भी हार नहीं माननी चाहिए। आपको लड़ना होगा। यह लड़ाई हर हाल में जीतनी होगी।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी