सेबी नई 'इंटीग्रेटेड वेल्थ एडवाइजरी' कैटेगरी शुरू करने पर विचार कर रहा है: एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर
मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। सेबी यानी भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में अधिक समन्वित और पारदर्शी ढांचा विकसित करने के उद्देश्य से 'इंटीग्रेटेड वेल्थ एडवाइजरी' नामक एक नई कैटेगरी शुरू करने पर विचार कर रहा है। सेबी के कार्यकारी निदेशक (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) मनोज कुमार ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एफआईडीईएक्स 2026 (फाइनेंशियल डिस्ट्रीब्यूटर्स एक्सपो) में बॉन्ड और क्रेडिट उत्पादों पर आयोजित एक सत्र को संबोधित करते हुए मनोज कुमार ने कहा कि प्रस्तावित नई कटेगरी को किस प्रकार विनियमित और निगरानी किया जाएगा, इस पर विचार-विमर्श जारी है।
उन्होंने कहा कि सेबी जल्द ही म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स और इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स की भूमिकाओं को लेकर स्पष्टता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और इनके बीच किसी प्रकार का टकराव नहीं है। दोनों अपनी-अपनी भूमिकाओं के साथ समानांतर रूप से कार्य कर सकते हैं।
मनोज कुमार ने कहा कि सेबी का उद्देश्य म्यूचुअल फंड वितरण कारोबार को और मजबूत बनाना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना भी है कि निवेशकों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहें।
उन्होंने वित्तीय बाजारों में विश्वास की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि खुदरा निवेशकों को पूंजी बाजार से जोड़ने में लगभग तीन दशक लगे हैं। ऐसे में यदि निवेशकों का भरोसा कमजोर होता है तो उसे दोबारा स्थापित करना आसान नहीं होगा।
स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स (एसआईएफ) को लेकर उन्होंने कहा कि इस उत्पाद को बाजार की वास्तविक जरूरत को देखते हुए शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि बड़ी मात्रा में निवेश गैर-विनियमित या संभावित रूप से जोखिमपूर्ण निवेश विकल्पों की ओर जा रहा था, जिसे औपचारिक और सुरक्षित ढांचे में लाने की आवश्यकता थी।
उन्होंने बताया कि सेबी एसआईएफ के प्रदर्शन और संचालन पर लगातार निगरानी रखे हुए है। यदि यह ढांचा संतोषजनक रूप से विकसित होता है तो भविष्य में इसमें और अधिक लचीलापन देने पर भी विचार किया जा सकता है।
सेबी अधिकारी ने वित्तीय उत्पादों की मिस-सेलिंग को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि यह निवेशकों के विश्वास और बाजार की स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने बताया कि नियामक ने ऐसी गतिविधियों की पहचान करने के लिए 'सुदर्शन' और 'रडार' नामक निगरानी प्रणालियां विकसित की हैं।
उन्होंने कहा कि सेबी फिलहाल बाजार की गतिविधियों पर करीबी नजर रखे हुए है और उम्मीद करता है कि उद्योग से जुड़े संस्थान और पेशेवर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएंगे।
मनोज कुमार ने यह भी कहा कि वितरण और सलाह गतिविधियों के बीच पूरी पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बाजार सहभागियों से आग्रह किया कि दोनों गतिविधियों के बीच किसी प्रकार का अपारदर्शी या भ्रम पैदा करने वाला ओवरलैप न होने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि निवेशकों को स्पष्ट और उचित मूल्य मिलता है, तो वे वितरण सेवाओं के लिए कमीशन और निवेश सलाह सेवाओं के लिए अलग शुल्क देने के लिए तैयार रहेंगे।
--आईएएनएस
डीबीपी