भतीजे अभिषेक से मिलने अस्पताल पहुंचीं ममता बनर्जी, भाजपा पर साधा निशाना
कोलकाता, 30 मई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को सोनारपुर में टीएमसी महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और दुर्व्यवहार के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राज्य की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। घटना के बाद ममता बनर्जी कोलकाता के अपोलो अस्पताल पहुंचीं, जहां अभिषेक बनर्जी का इलाज चल रहा है।
ममता बनर्जी ने शनिवार शाम सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त पोस्ट साझा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “शासक अब हत्यारे बन गए हैं। भाजपा, तुम्हें शर्म आनी चाहिए।” इसके साथ उन्होंने टीएमसी की एक पोस्ट और सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का वीडियो भी साझा किया।
टीएमसी की उस पोस्ट में कहा गया कि अभिषेक बनर्जी ने कथित तौर पर चुनाव बाद हिंसा के शिकार संजू कर्मकार के परिवार का साथ छोड़ने से इनकार कर दिया। भाजपा-समर्थित उपद्रवियों के हमले के बावजूद वह पीछे नहीं हटे और पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहे।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी कर हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने जा रहे अभिषेक बनर्जी पर हमला बेहद चिंताजनक है। खड़गे ने आरोप लगाया कि एक प्रमुख विपक्षी नेता को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा नहीं दिया जाना भाजपा की प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र सरकार को सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए तथा इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक मतभेद कभी भी हिंसा का औचित्य नहीं बन सकते।
वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी जैसे प्रमुख विपक्षी नेता पर जानलेवा हमला कर भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि उसकी राजनीति नफरत और हिंसा पर आधारित है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इतनी संवेदनशील स्थिति में भी पर्याप्त पुलिस व्यवस्था का न होना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने इस घटना को पूरी तरह निंदनीय बताया।
गौरतलब है कि शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी को स्थानीय विरोध का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, उन पर अंडे फेंके गए और उनकी शर्ट भी फट गई थी। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
--आईएएनएस
डीएससी