☰
×

एसपी ओसवाल के साथ 'डिजिटल अरेस्ट' ठगी मामले में ईडी की सप्लीमेंट्री चार्जशीट, 7 नए आरोपी नामजद

 

जालंधर, 28 नवंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पद्म भूषण से सम्मानित उद्योगपति एसपी ओसवाल के साथ हुए 7 करोड़ रुपए के 'डिजिटल अरेस्ट' मामले में सात आरोपियों के खिलाफ जालंधर की विशेष अदालत (पीएमएलए) में एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

ईडी ने बताया कि लुधियाना स्थित वर्धमान ग्रुप के 82 वर्षीय चेयरमैन एसपी ओसवाल को 31 अगस्त 2024 को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया था। इन ठगों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका का अधिकारी बताकर ओसवाल को धोखा दिया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ईडी के जालंधर जोनल ऑफिस ने 25 नवंबर को इस 'डिजिटल अरेस्ट' मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की।

ईडी के मुताबिक, सप्लीमेंट्री चार्जशीट में सोहेल अख्तर, अमरचंद सरकार, शेख रमजान अली, राकेश अली, गुलाम मोर्तुजा, आलोक रंगी और 'रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम की कंपनी को आरोपी बनाया गया है।

ओसवाल के 'डिजिटल अरेस्ट' के संबंध में लुधियाना के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' (बीएनएसएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर ईडी ने अपनी जांच शुरू की।

ईडी ने बताया कि अपराध से हासिल की गई रकम सबसे पहले 'रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' और 'फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स' के बैंक खातों में जमा की गई थी।

इसके बाद, 7 करोड़ रुपए की इस रकम को एक व्यवस्थित तरीके से कई अलग-अलग बैंक खातों (जिन्हें 'म्यूल' खाते कहा जाता है) में ट्रांसफर कर दिया गया। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि साइबर अपराध से मिली इस रकम को इधर-उधर खपाया जा सके और छिपाया जा सके।

ईडी ने आगे बताया कि इन खातों में आई करोड़ों रुपए की रकम को 'शेल कंपनियों' (फर्जी कंपनियों) के जरिए कई परतों में घुमाया गया और फिर 'ट्रेड-बेस्ड मनी लॉन्ड्रिंग' (टीबीएमएल) तरीके का इस्तेमाल करके इसे भारत के बाहर भेज दिया गया। रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में आए अपराध से जुड़े पैसों को, 2 से 5 लाख रुपए की छोटी-छोटी रकम में अलग-अलग 'म्यूल' (फर्जी/दूसरे के नाम वाले) बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया और इन खातों से तुरंत नकद पैसे निकाल लिए गए।

ईडी ने बताया कि इन 'म्यूल' खातों का इंतजाम करने के बदले कमीशन के तौर पर वर्चुअल डिजिटल एसेट्स (वीडीए)/क्रिप्टो-करेंसी और नकद पैसे लिए गए। ये 'म्यूल' खाते आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लोन दिलाने या नौकरी देने का झूठा वादा करके खुलवाए गए थे।

ईडी की जांच में यह भी पता चला कि 'फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स' के बैंक खातों को गुवाहाटी के रूमी कलिता और कानपुर के अर्पित राठौर कंट्रोल करते थे। अपराध से जुड़े पैसों को तेजी से इधर-उधर भेजने के लिए आरोपियों ने 'एएमएमएफओरडब्‍ल्‍यूएआरडी' नाम के एक एपीके एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया।

जांच एजेंसी के मुताबिक, रूमी कलिता को 23 दिसंबर 2025 को और अर्पित राठौर को 31 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया।

जांच एजेंसी ने आगे बताया कि राठौर ने कंबोडिया और वियतनाम के लोगों को 'म्यूल' बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। इसी तरह, रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों को सोहेल अख्तर उर्फ ​​राजू कंट्रोल और ऑपरेट करता था।

सोहेल अख्तर मुख्य हैंडलर था, जिसने लोगों और कंपनियों के लिए 'म्यूल' बैंक खाते तैयार करने के वास्ते अन्य लोगों को काम पर रखा था। उसने नेपाल में बैठे अपने एक साथी के कहने पर ये 'म्यूल' खाते उपलब्ध कराए थे। उसका यह साथी 'पीआरआईएसटी' नाम के छद्म नाम का इस्तेमाल करता है। इसके बदले में सोहेल अख्तर को वर्चुअल डिजिटल एसेट्स/क्रिप्टो-करेंसी के रूप में कमीशन मिलता था।

ईडी ने बताया कि सोहेल अख्तर को 28 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।

अब तक की ईडी जांच के परिणामस्वरूप तीन लोगों रूमी कलिता, अर्पित राठौर और सोहेल अख्तर की गिरफ्तारी हुई है। इसके अलावा, 14 फरवरी 2026 को 1.76 करोड़ रुपए की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त करने का आदेश जारी किया गया। साथ ही, 19 फरवरी 2026 को रूमी कलिता, अर्पित राठौर, आनंद चौधरी, अतानु चौधरी और उनकी फर्म 'फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स' के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी