×

रश्मिका के लिए खास है 'राणाबली', राहुल सांकृत्यायन ने मां के नाम पर रखा किरदार का नाम 'जयम्मा'

 

हैदराबाद, 14 सितंबर (आईएएनएस)। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी जब भी पर्दे पर साथ आती है, फैंस की एक्साइटमेंट अपने आप बढ़ जाती है। 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' में दोनों की केमिस्ट्री देखने के बाद अब फैंस इस जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं। दोनों की अगली फिल्म 'राणाबली' इन दिनों चर्चा में है।

फिल्म में रश्मिका का किरदार काफी खास बताया जा रहा है। अब फिल्म के लेखक और निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने इस किरदार से जुड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि रश्मिका के किरदार 'जयम्मा' का नाम उन्होंने अपनी मां के नाम पर रखा है।

राहुल सांकृत्यायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रश्मिका के फिल्म वाले हिस्से की शूटिंग पूरी होने की जानकारी शेयर की। इसी पोस्ट में उन्होंने लिखा, ''मैं 'राणाबली' की कहानी लिखते समय अपनी पुरानी यादों में खो गया। जब मैंने फिल्म की महिला मुख्य किरदार को लिखना शुरू किया, तो मैंने एक बेहद निजी जुड़ाव महसूस किया। मैंने इस किरदार का नाम अपनी मां के नाम पर 'जयम्मा' रखा।''

राहुल ने कहा, ''जयम्मा के किरदार को लिखते समय मैंने इस बात का खास ध्यान रखा कि वह भले ही एक अलग दौर की महिला हो लेकिन उसकी सोच और उसका हौसला आज की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सके। जयम्मा को सिर्फ उस समय की कहानी का हिस्सा बनाकर नहीं रखा गया है बल्कि उसके व्यक्तित्व में ऐसी खूबियां दिखाई जाएंगी, जो आज की महिलाओं को भी प्रभावित कर सकती हैं।''

राहुल ने कहा, ''फिल्म में जयम्मा के लुक और उसकी पूरी दुनिया को भी उस दौर के हिसाब से तैयार किया गया है। टीम ने लुक के लिए खूबसूरत सिल्क और कॉटन के कपड़े, जरी, पुराने जमाने के रंग और एंटीक गोल्ड को शामिल किया है।''

रश्मिका की तारीफ करते हुए निर्देशक ने कहा, ''उन्होंने सिर्फ जयम्मा के किरदार को निभाया नहीं बल्कि उसे पर्दे पर ऐसा जीवन दिया कि वह हमेशा के लिए याद रह सके। रश्मिका के हिस्से की शूटिंग पूरी हो चुकी है, अब पूरी टीम उन्हें मिस करेगी।''

'राणाबली' में विजय देवरकोंडा राणाबली की भूमिका में नजर आएंगे जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी नजर आएंगे। 'द ममी' में अपने काम के लिए पहचाने जाने वाले अर्नोल्ड फिल्म में विलेन सर थियोडोर हेक्टर का रोल निभा रहे हैं।

राहुल सांकृत्यायन के निर्देशन में बन रही 'राणाबली' एक पीरियड एक्शन ड्रामा है, जिसकी कहानी ब्रिटिश दौर की पृष्ठभूमि में रखी गई है। फिल्म 19वीं सदी में हुई वास्तविक ऐतिहासिक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। कहानी में 1854 से 1878 के बीच हुए घटनाक्रम को आधार बनाया गया है और इसे बड़े स्तर पर पैन-इंडिया फिल्म के रूप में तैयार किया जा रहा है।

'राणाबली' पहले 11 सितंबर को रिलीज होने वाली थी लेकिन अब इसकी रिलीज डेट बदल दी गई है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

पीके/पीएम