×

तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर राजनाथ सिंह, 'सांसद खेल महाकुंभ' का करेंगे शुभारंभ

 

लखनऊ, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे 'सांसद खेल महाकुंभ का शुभारंभ करेंगे और शहर में कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

उनका विमान दोपहर 3:20 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरेगा। लंबे समय बाद हो रहे इस दौरे में उनका व्यस्त कार्यक्रम तय किया गया है।

शाम 4:30 बजे रक्षा मंत्री गोमती नगर के विवेक खंड-2 स्थित टंकी वाला पार्क में गोमती नगर जन कल्याण महासमिति के वार्षिक समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5:45 बजे वे कैंट क्षेत्र के सूर्य ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में युद्ध नायकों और वीर नारियों को सम्मानित करेंगे।

शाम 6:35 बजे वे स्मृतिका वॉर मेमोरियल और लाइट एंड साउंड शो कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद करीब 7:15 बजे वे अपने आवास कालिदास मार्ग पहुंचेंगे।

इससे पहले दिन में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री मोहन यादव मध्य प्रदेश के रायसेन स्थित दशहरा मैदान में राष्ट्रीय स्तर के 'उन्नत कृषि महोत्सव' का उद्घाटन करेंगे।

यह भव्य आयोजन 11 से 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आयोजित किया जा रहा है। इसे 'कृषि महाकुंभ' का नाम दिया गया है।

इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य किसानों को 'लैब टू फील्ड' और 'सीड टू मार्केट' तक की पूरी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। यहां आधुनिक खेती की तकनीक, प्रशिक्षण कार्यक्रम, लाइव डेमो और बाजार से जुड़ने के अवसर भी दिखाए जाएंगे, जिससे खेती के तरीकों में बदलाव लाने में मदद मिलेगी।

13 अप्रैल को समापन समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे। इस दौरान रायसेन, विदिशा, सीहोर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक व्यापक कृषि रोडमैप भी जारी किया जाएगा।

कृषि मंत्री शिवंराज सिंह चौहान ने कहा कि यह महोत्सव किसानों के लिए गेम चेंजर साबित होगा। उन्होंने कहा, "रायसेन से खेती में बदलाव की नई लहर शुरू होगी। यह सिर्फ मेला नहीं, बल्कि किसानों की किस्मत बदलने का बड़ा अवसर है।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम