×

यमुना जल परियोजना को लेकर राजस्थान-हरियाणा के सीएम की बैठक, जल्द होगा समझौता

 

जयपुर, 23 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में यमुना जल परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और समझौता ज्ञापन (एमओए) के प्रमुख प्रावधानों को अंतिम रूप दिया गया। इसके अलावा किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए जल संसाधनों के प्रबंधन को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना जल परियोजना को दीर्घकालिक और टिकाऊ दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत पारंपरिक नहरों के बजाय पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रस्ताव है। इससे पानी की बचत होगी और वितरण व्यवस्था का दायरा भी बढ़ेगा।

पाटिल ने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े छह राज्यों के बीच लंबित मुद्दों का समाधान हो गया है और इस परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन पर जल्द ही हस्ताक्षर किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और अन्य सहभागी राज्यों को लाभ मिलेगा तथा भविष्य में जल संकट से निपटने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना जल परियोजना राजस्थान, खासकर शेखावाटी क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में बड़ी भूमिका निभाएगी और लाखों लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र और हरियाणा सरकार के सहयोग से इस परियोजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को गति मिल रही है और अंतरराज्यीय जल विवादों का सकारात्मक समाधान निकल रहा है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के लागू होने से राजस्थान को यमुना नदी के पानी में उसका निर्धारित हिस्सा मिलेगा, जिससे किसानों, उद्योगों और आम लोगों को लाभ होगा। साथ ही राज्य में जल प्रबंधन व्यवस्था भी मजबूत होगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकारें हर नागरिक तक पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि रेनुका, लखवार और किशाऊ परियोजनाओं से हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के लोगों को लाभ मिलेगा।

बैठक में वर्षा जल संरक्षण और राजस्थान तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।

इस बैठक में भारत सरकार, राजस्थान जल संसाधन विभाग और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी