☰
×

पंजाब पुलिस के 1,804 जवानों ने ड्यूटी के दौरान दिया सर्वोच्च बलिदान: डीजीपी गौरव यादव

 

जालंधर, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को जालंधर स्थित पंजाब आर्म्ड पुलिस (पीएपी) मुख्यालय में पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान 67वां राज्य स्तरीय पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। यह दिवस देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए आतंकवादियों और अपराधियों से मुकाबला करने के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है।

श्रद्धांजलि समारोह का नेतृत्व डीजीपी गौरव यादव ने किया। इस अवसर पर विशेष डीजीपी (कानून-व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा और एडीजीपी एम.एफ. फारूकी भी मौजूद रहे।

डीजीपी गौरव यादव ने पंजाब पुलिस को एक असाधारण और गौरवशाली बल बताते हुए कहा कि इसने युद्ध, शांति और छद्म संघर्षों के दौरान अद्वितीय साहस के साथ देश की सेवा की है। उन्होंने बताया कि सितंबर 1981 से अब तक पंजाब पुलिस के 1,804 बहादुर जवान ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं। इनमें इस साल शहीद हुए दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “आज हम जिस शांतिपूर्ण माहौल में सांस ले रहे हैं, वह इन बहादुर शहीदों के बलिदान की वजह से संभव हुआ है। पंजाब पुलिस का गौरवशाली इतिहास वीरता, निस्वार्थ सेवा और आतंकवाद को खत्म करने के दृढ़ संकल्प से भरा है। यह बल सीमावर्ती राज्य में सीमाओं की रक्षा करने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”

पीएपी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित समारोह में औपचारिक परेड भी निकाली गई। इस दौरान कमांडेंट ने पिछले एक साल में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम पढ़कर सुनाए। कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर और वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से पुष्पचक्र अर्पित करने के साथ हुआ।

समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2022 से अब तक स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत 95,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1.27 लाख से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 7,260 किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन बरामद की गई है।

डीजीपी ने कहा कि नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करते हुए पंजाब पुलिस ने तस्करों की 902 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज की हैं। उनके अनुसार, संपत्ति जब्ती के मामले में यह देश में सबसे बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन मामलों में अदालतों में 90 प्रतिशत की अभूतपूर्व दोषसिद्धि दर हासिल की गई है।

गौरव यादव ने बताया कि अप्रैल 2022 में शुरू किए गए गैंगस्टर विरोधी अभियानों के तहत संगठित अपराध के 1,288 नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं और 3,300 से अधिक गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के बारे में बताया कि इसे अब 60 दिनों के गहन अभियान के रूप में आगे बढ़ाया गया है। इसके तहत चिह्नित नशा प्रभावित क्षेत्रों की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और नागरिक प्रशासन के राजपत्रित अधिकारियों द्वारा चौबीसों घंटे संयुक्त निगरानी की जा रही है।

डीजीपी ने कहा कि इस बहुआयामी अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक संपर्क बढ़ाकर और युवाओं के लिए खेल के मैदान विकसित करके नशे से प्रभावित संवेदनशील क्षेत्रों को फिर से सुरक्षित बनाना है।

--आईएएनएस

डीएससी